शहर

दिल्ली के पहाड़गंज में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन होटल का लेंटर गिरा, 8 मजदूर घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

Delhi Paharganj Building Collapse: प्रारंभिक जांच में इमारत के सपोर्टिंग पिलर गीले पाए गए हैं। इसके अलावा इमारत में झुकाव आने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने के असली कारणों की अभी जांच की जा रही है।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Delhi Paharganj Building Collapse: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन होटल की इमारत का हिस्सा गिरने से आठ मजदूर घायल हो गए। हादसा काशेरूवालान, संगतराशन स्थित प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993 में हुआ। यह इमारत सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ठीक सामने स्थित है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होटल बनाने का चल रहा था काम

पुलिस के मुताबिक, इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को दूसरी मंजिल पर लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। मजदूर लेंटर डालने में जुटे हुए थे, तभी अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। घटना की सूचना PCR कॉल के जरिए मिलने के बाद पहाड़गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों की भीड़ को दूर किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

सपोर्टिंग पिलर गीले मिले, झुकाव की आशंका

प्रारंभिक जांच में इमारत के सपोर्टिंग पिलर गीले पाए गए हैं। इसके अलावा इमारत में झुकाव आने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने के असली कारणों की अभी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगा रहे हैं कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यह भी जांच हो रही है कि लेंटर डालने के समय पिलर और शटरिंग की स्थिति कैसी थी और क्या निर्माण में किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी।

घायलों की पहचान, कुछ को फ्रैक्चर

हादसे में घायल आठ लोगों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंत्सु (40) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ घायलों को फ्रैक्चर आया है, जबकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। अस्पताल में सभी का मेडिकल परीक्षण और उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान किन परिस्थितियों में इमारत का हिस्सा ढहा और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। बिल्डिंग मालिक और ठेकेदार से भी पूछताछ की जा रही है। इलाके के लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान अक्सर लापरवाही देखने को मिलती है, जिसकी वजह से इस तरह के हादसे होते हैं।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article