कानपुर

Kanpur में फिर दुस्साहस! बच्चों की किडनैपिंग की कोशिश प्रयास, बचाने को बदमाशों से भिड़ीं मां

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 27, 2022, 07:25 PM IST

Kanpur Kidnapping Case: कानपुर के बिधनू में बच्चों को अगवा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। कठोंगर नई बस्ती में दो बाइक सवार चार बदमाश लेखपाल के घर पहुंचे। यहां मौजूद महिला से बदमाशों ने पानी मांगा और फिर झपट कर बच्चे को उठाने का प्रयास किया। इस पर बच्चे की मां बदमाशों से भिड़ गई। जिससे बच्चों की मां घायल हो गई।

Image

बदमाशों ने पानी मांगकर फिर बच्चों को अगवा करने की कोशिश

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर में बच्चों के अपहरण का प्रयास, बदमाशों से भिड़ी मां ने बचाया
  • लेखपाल के घर दो बाइक से पहुंचे थे चार हथियार बंद बदमाश
  • बदमाशों ने पहले पानी मांगा फिर झपट कर बच्चे उठाने का किया प्रयास

Kanpur Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिधनू इलाके की कठोंगर नई बस्ती में शनिवार को घर में घुसकर लेखपाल के बच्चों के अपहरण का प्रयास किया गया। यहां चार हथियारबंद बदमाशों ने जैसे ही बच्चों को उठाने का प्रयास किया तो मां शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ गई। इस दौरान महिला घायल हो गई, लेकिन वह बदमाशों का सामना करती रही। जब बदमाश नाकाम हुए तो वह भाग निकले। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में छापेमारी की है।

जानकारी के अनुसार, मूलरूप से पतारा के रहने वाले लेखपाल आलोक तिवारी की नारामऊ में तैनाती है। पिछले पांच वर्ष से अलोक कोरियां चौकी इलाके के कठोंगर नई बस्ती में पत्नी अरुणा, बेटे आदित्य (8) और बेटी आद्या (5) के साथ रह रहे हैं।

बदमाशों ने पहले मांगा पानी, फिर अपहरण की कोशिश

आलोक तिवारी के अनुसार, शनिवार दोपहर को उनके घर में बदमाशों ने बच्चों के अपहरण का प्रयास किया। जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान वह जमीन की नापजोख करने गए हुए थे। घर पर पत्नी और बच्चे ही थे। वहीं, सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि, चार युवक घर के बाहर आए। इनमें से एक ने पीने के लिए पानी मांगा तो अरुणा ने उसे पानी दे दिया। पानी पीने के बाद उस युवक ने किसी के घर का पता पूछा। अचानक ही वह युवक बात करते हुए अंदर घुस गया। पुलिस ने बताया कि, इसके बाद एक-एक कर तीन और युवक घर में घुस गए। इस पर उन्होंने बच्चों को दबोच लिया।

एक बदमाश ने किया लेखपाल की पत्नी पर हमला

बच्चे के अपहरण की कोशिश होते देख लेखपाल की पत्नी अरुणा बदमाशों से भिड़ गईं। इस दौरान एक बदमाश ने अरुणा पर हमला भी कर दिया, जिससे उसके कंधा में चोट आई है, लेकिन वह चोट लगने के बाद भी शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ी रही। जब बदमाश बच्चों को उठाने में कामयाब नहीं हुए तो वह बाइक छोड़कर ही भाग निकले। हालांकि बाद में बदमाश आए और बाइक लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं, एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला ने बताया कि, रंजिश और विवाद के बारे में जानकारी कर मामले की जांच की जा रही है। बच्चों का अपहरण करने पहुंचे बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article