Kannauj Loksabha Election 2024: देशभर में लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में आयोजित किए जा रहा है। पहले, दूसरे और तीसरे चरण के चुनाव के बाद अब चौथे चरण के लोकसभा चुनाव की तैयारी की जा रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी लोकसभा 2024 शेड्यूल के अनुसार चौथे चरण के चुनाव 13 मई को 10 राज्यों में आयोजित किए जाएंगे। इन राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर लोकसभा चुनाव का आयोजन किया जाएगा। इन 13 सीटों में एक सीट कन्नौज की भी है। अपने इत्र की खुशबू से लोगों को दीवाना बनाने वाला कन्नौज राजनीतिक मामले में भी बहुत अहम माना जाता है। कन्नौज लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक है। लोकसभा चुनाव 2024 कन्नौज सीट पर सपा के अखिलेश यादव चुनावी मैदान में बीजेपी के सांसद सुब्रत पाठक का सामना करेंगे।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र जाति समीकरण
कन्नौज लोकसभा सीट पर पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में 18,74,824 मतदाताओं ने वोटिंग की थी। इस साल इस संख्या के बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। कन्नौज लोकसभा सीट पर 5 विधानसभा छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज, बिधूना और रसूलाबाद आती है। इन क्षेत्रों में कुल मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 3 लाख है। वहीं दलितों की संख्या करीब 2.8 लाख। यादवों की संख्या की बात करें तो क्षेत्र में इनकी संख्या 2.5 लाख है।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में मतदान की तारीख (Kannauj Loksabha 2024 Polling Date)
उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव सभी सातों चरणों में आयोजित किया जा रहा है। तीसरे चरण के पूरा होने के बाद अब चौथे चरण की तैयारी की जा रही है। लोकसभा 2024 शेड्यूल के अनुसार यूपी की 13 सीटों पर 13 मई को चौथे चरण के मतदान होने हैं। इसमें कन्नौज की लोकसभा सीट भी शामिल है। इस दिन कन्नौज सीट पर चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र मतगणना कब होगी (Kannauj Loksabha 2024 Reult Date)
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी लोकसभा 2024 शेड्यूल के अनुसार, सभी 543 सीटों पर सात चरणों के मतदान पूरे होने के बाद एक साथ 4 जून को मतगणना की जाएगी और रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। बता दें कि लोकसभा 2024 अंतिम चरण के चुनाव 1 जून 2024 को आयोजित किए जाएंगे।
कन्नौज लोकसभा सीट के प्रमुख उम्मीदवार (Kannauj Loksabha 2024 Key Candidates)
भारतीय जनता पार्टी- भाजपा (BJP) - सुब्रत पाठक
समाजवादी पार्टी- सपा (SP)- अखिलेश यादव
बहुजन समाज पार्टी- बासपा (BSP) - इमरान बिन जफर
2009 में कन्नौज लोकसभा सीट पर चुनाव जीतने के बाद 2024 में अखिलेश यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। बता दें कि 2014 और 2019 में एसपी की डिंपल यादव लोकसभा चुनाव में खड़ी हुई थी। 2014 में जीत हासिल करने के बाद 2019 में उन्होंने हार का स्वाद चखा था।
कन्नौज लोकसभा 2019 परिणाम
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी के सुब्रत पाठक, एसपी की डिंपल यादव और शिवसेना के आनंद विक्रम सिंह विक्रम सिंह चुनावी मैदान में उतरे थे। 5,63,087 कुल वोटों के साथ बीजेपी के सुब्रत पाठक ने सभी को मात देते हुए जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव 2019 में एसपी की डिंपल यादव को कुल 5,50,734 वोट मिले थे और शिवसेना के आनंद विक्रम सिंह को 4,922 वोट मिले थे।
कन्नौज लोकसभा 2014 परिणाम
लोकसभा चुनाव 2014 में एसपी की डिंपल यादव, बीजेपी के सुब्रत पाठक और बीएसपी के निर्मल तिवारी चुनावी रण में थे। इस चुनाव में कन्नौज सीट पर 4,89,164 वोट से एसपी की डिंपल यादव ने जीत हासिल की थी। उस दौरान बीजेपी के सुब्रत पाठक ने 4,69,257 वोट और बीएसपी के निर्मल तिवारी ने 1,27,785 वोट हासिल किए थे।
