मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस पूरे सप्ताह मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। खासकर, उत्तर भारत में कम मॉनसूनी बारिश से मौसम से खरीफ की फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है। खासकर, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। इस दौरान बादलों की गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी आने की संभावना है। इधर, पहाड़ों पर नए मौसमी चक्र के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश भागों पर मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी है। प्रशासन ने बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा जताया है। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारत में तेज मॉनसूनी वर्षा की चेतावनी जारी की है। कमोबेश मौसम के यही हाल दक्षिण भारतीय राज्यों में होने की संभावना है। उधर, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी मौसम की चाल बदली रहेगी।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता से भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तट पर बने मौसमी तंत्र के प्रभाव से बुधवार से राज्य के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इस दौरान राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भी 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान मानसून के फिर से सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी और कुछ जगहों पर अति भारी बारिश हुई।mसबसे अधिक 117 मिलीमीटर बारिश मालपुरा में दर्ज की गई। इसके अलावा टोंक में 103 मिलीमीटर और जायल में 101 मिलीमीटर बारिश हुई
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में बुधवार को बारिश की संभावना को देखते हुए भारत आईएमडी ने ’येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग समय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। जुलाई को भारी बारिश और तेज तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसमी गतिविधियां जारी रहने से दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 70 के करीब पहुंच गया है जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर बुधवार को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों समेत सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया गया है। नाहन के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट राजीव सांख्यान ने मंगलवार रात जारी एक आदेश में कहा कि शिमला स्थित मौसम विज्ञान विभाग ने सिरमौर के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। उधर, जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिले के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को खराब मौसम के कारण स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा जताया गया है।
तमिलनाडु में कैसे रहेगा मौसम
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, इस सप्ताह के अंत में नीलगिरि, कोयंबटूर और थेनी जिलों के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। आरएमसी के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र के ऊपर निचले स्तरों में एक कमजोर ट्रफ (द्रोणिका) बनी हुई है। 29 जुलाई से पश्चिमी घाट के जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई को नीलगिरि जिले के कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 31 जुलाई और 1 अगस्त को कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। हालांकि यह बारिश पहाड़ी क्षेत्रों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, लेकिन मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा
