शहर

100 घंटे डाउन रहेगा तापमान, 16 राज्यों में आंधी-बारिश, वज्रपात; ओलावृष्टि-लू से रहें सावधान

अगले 4 से 5 दिन बादलों की आवाजाही से देशभर में तापमान डाउन रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 19-20 मार्च को अधिकांश राज्यों में मौसम करवट लेगा और आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक समूचे उत्तर भारत में तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया है। उधर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में साइक्लोनिक-एंट्रीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसमी गतिविधियां होने की संभावना है।

Image

कल का मौसम

देशभर में पिछले 48 घंटों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जिससे अधिकांश राज्यों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। कमोबेश मौसम के ऐसे ही हालात अगले कई दिनों तक रहेंगे, जिससे धूप-छांव के बीच पारा सामान्य रहेगा और लू-हीटवेव का खतरा कम होगा। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जिससे हल्की सर्दी महसूस की जाएगी। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम शुष्क रहेगा। 18 से 21 मार्च के बीच हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, यूपी और बिहार में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से तेज धूल भरी आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि और वज्रपात का खतरा रहेगा। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगान और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तटीय भागों पर मेघ गर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश रिकॉर्ड होने की बात कही है। वहीं, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। मौसम में बदलाव से हीटवेव और गर्मी से राहत की उम्मीद है।

यूपी में मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव से गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन तेज हवाओं की गति और ओलावृष्टि के खतरे फसलों के नुकसान की संभावना है। खासकर, पश्चिमी यूपी के जिलों में ओलावृष्टि-आंधी से मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे असर से आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। जिसके असर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है, जिससे लोगों को तपिश से राहत रहेगी। खासकर, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बागपत, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, कासगंज, एटा, फिरोजबाद समेत करीब 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में बारिश होगी क्या

बिहार में इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत है। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। 20 से 22 मार्च के बीच पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, ईस्ट चंपारण, वेस्ट चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, अररिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, भागलपुर, खगड़िया, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई में आंधी-बारिश और ठनका गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट से मौसम काफी सुहावना है। पिछले 48 घंटे से बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी और प्रदूषण से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि 19 मार्च से एक बार फिर से मौसम में बदलवा होगा और बादलों की गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना है। अगले 5 दिन तक सूरज की लुकाछिपी और बादलों की आवाजाही के कारण न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव से हवा की क्वालिटी बेहतर होगी, जिससे लोगों पॉल्यूशन से राहत मिलेगी। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई गिरकर 150 से 100 तक रह सकता है। दिल्ली में एक्यूआई 145, नोएडा में 150, गाजियाबाद में 135 और लोनी में 180 के आसपास बना हुआ है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मौसम बदला हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ बुधवार से सक्रिय होगा, जिससे कई इलाके प्रभावित रहेंगे और इस दौरान आंधी-में बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि 18 से 21 मार्च तक एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली कड़क सकती है। खासकर, जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में मौसम बदला रहेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट देखी जाएगी, जिससे हीटवेव और गर्मी का असर कम होगा। फिलहाल, बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.5 और फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उधर, पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी विक्षोभ का आंशिक रहेगा और 18 मार्च से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का दौर शुरू होगा।

हरियाणा और पंजाब में मौसम

हरियाणा और पंजाब में 19, 20 और 21 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव रहेगा, जिस कारण दोनों ही राज्यों के कई जिलों में तेज आंधीनुमा हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और साथ में गरज-चमक के बीच बारिश से मौसम बदला रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की चेतावनी है। लिहाजा, लोगों को सतर्क रहना होगा। मौसमी गतिविधियां होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रियता से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। पिछले कई दिनों से राज्य के ऊंचाई वाले भागों पर बारिश एवं बर्फबारी से मौसम काफी सर्द है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम शुष्क है। आईएमडी के मुताबिक, ऋषिकेश, मसूरी, देहरादून, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ समेत कई स्थानों पर बर्फबारी से ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश एवं बर्फबारी का पूर्वानुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

कश्मीर-हिमाचल में बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में अगले कई दिनों तक बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी क्रम जारी रहेगा, जिससे अभी ठंडक कायम रहेगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक, 18 और 19 मार्च को हिमाचल प्रदेश के चंबा, मंडी, केलांग, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, हमीरपुर, सोलन, ऊना और सिरमौर समेत करीब 10 जिलों में 40 से 50 किलोमीट प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव से अधिकांश भागों पर रात और सुबह कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। दक्षिण-पूर्वोत्तर में जारी मौसमी गतिविधियां प्री मानसून (Pra Mansoon) के संकेत हैं।

छत्तीसगढ़ में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक तेज हवाएं, तूफान, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। आईएमडी की मानें तो बुधवार-गुरुवार को सरगुजा और बिलासपुर डिवीजन के सभी के साथ रायपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, नारायणपुर, सुकमा और बलौदाबाजार में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण पश्चिमी घाट के हिस्सों पर मौसम परिवर्तित रहेगा। इसके असर से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश एंव अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस सप्ताह बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान तमिलनाडु में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिलेगा, जिससे तटीय हिस्सों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट घोषित किया गया है। खराब मौसम के दौरान लोगों को समुद्री इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। आईएमडी का अनुमान है कि मौसम में बदलाव से गर्मी और हीटवेव का असर कम रहेगा। अगले 2 दिन तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तापमान सामान्य से कम रहेगा हालांकि, तटीय हिस्सों को छोड़कर मैदानी हिस्सों पर आंशिक असर ही देखा जाएगा। उधर, पूर्वोत्तर के भागों पर भी मौसम करवट लेगा और ओडिशा-छत्तीसगढ़ में मेघ गर्जन, आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।

18 मार्च बुधवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली16°C31°C
मुंबई24°C28°C
चंडीगढ़14°C27°C
कोलकाता23°C33°C
चेन्नई26°C31°C
बेंगलुरु19°C33°C
हैदराबाद21°C33°C
पटना21°C34°C
लखनऊ19°C33°C
भोपाल21°C34°C
जयपुर18°C32°C
देहरादून11°C22°C
शिमला7°C17°C
कश्मीर2°C8°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article