शहर

Kal Ka Mausam: चक्रवाती तूफान में बदलेगा डिप्रेशन, दक्षिण में आंधी-बारिश तो उत्तर में बढ़ेगा ठंड और कोहरा

Kal Ka Mausam 16 November कल का मौसम: मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार 16 नवंबर 2026 को बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन तीव्र होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। दिल्ली-एनसीआर में उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ेगी और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam: देश के मौसम का मिजाज सोमवार, 16 नवंबर 2026 को एक साथ कई मोर्चों पर बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन सोमवार की शाम तक और अधिक गहरा होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। वहीं दूसरी तरफ, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट और अलसुबह धुंध-कोहरे का असर साफ दिखाई देगा।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट और मछुआरों को चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का तंत्र तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। 16 नवंबर को यह मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेगा। इसके बाद यह और प्रचंड होकर 17 नवंबर को 'भीषण चक्रवाती तूफान' में तब्दील होते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ेगा। 16 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य भागों में हवा की गति 55 से 75 किमी प्रति घंटा और दोपहर के बाद 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। समुद्र में उठने वाली लहरें काफी ऊंची और विकराल रहेंगी। IMD ने चेतावनी दी है कि जो मछुआरे समुद्र में हैं, वे 15 नवंबर तक ही वापस लौट आएं। 16 नवंबर को अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में नमी और हवा के कम दबाव के कारण 16 नवंबर की सुबह धुंध और कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग पॉकेट्स (विशेष रूप से बरेली, कुशीनगर, अयोध्या और आजमगढ़ जैसे इलाकों) में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जहां दृश्यता 200 मीटर से घटकर 50 मीटर या शून्य तक जा सकती है। यातायात पर असर को देखते हुए सुबह के समय वाहन चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा कल का मौसम?

रविवार को हुई हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही के बाद सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय अधिकांश इलाकों में हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली सूखी और ठंडी हवाएं ठंड का असर बढ़ाएंगी। मौसम विभाग के अनुसार, इन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से 16 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट का सिलसिला और तेज हो सकता है।

देश के अन्य हिस्सों का मिजाज

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह: 16 नवंबर को द्वीपों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है।

दक्षिण भारत (तमिलनाडु व केरल): तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और केरल के तटीय इलाकों में 16 नवंबर को हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश जारी रहेगी। तमिलनाडु में 17-19 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 16 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना है।

पश्चिम भारत: मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article