शहर

मंच पर बोलने का मौका नहीं मिला तो भड़के कांग्रेस विधायक, जौलजीबी मेले में कुर्सियां फेंकीं, CM को दी चुनौती

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शनिवार को जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हंगामा हुआ। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्हें उपचुनाव लड़ने की चुनौती दी।

Image

कांग्रेस विधायक हरीश धामी

Photo : ANI

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने आरोप लगाया कि उन्हें मंच से संबोधित करने का मौका नहीं दिया गया। इसके बाद उनके और समर्थकों के मंच से कुर्सियां फेंकने और माइक तोड़ने का आरोप लगा। घटना के बाद विधायक ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और उन्हें उपचुनाव लड़ने की चुनौती दी।

'जो कार्रवाई करनी है कर लो', सीएम को दी चुनौती

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, "मुख्यमंत्री भाग रहे हैं और डरे हुए हैं क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए मुझे किसी बात का डर नहीं है। मैंने मुख्यमंत्री से कहा है कि आप जो चाहें कार्रवाई कर लें, आपने मुझे सालों से कानूनी मामलों में उलझा रखा है, एक और केस दर्ज कर लीजिए। मैं उसे भी संभाल लूंगा। हमारे लिए हथकड़ियां गहनों जैसी हैं।" विधायक ने आगे चुनौती देते हुए कहा, "अगर मुख्यमंत्री में हिम्मत है, तो वे आज ही मेरे सामने उपचुनाव में उतरें। अगर मैंने उनकी जमानत राशि जब्त नहीं कराई, तो मेरा नाम हरीश धामी नहीं है।

लिपुलेख सड़क और बच्चे की मौत का मुद्दा उठाया

कांग्रेस विधायक ने लिपुलेख तक की सड़क के निर्माण को लेकर दिए गए बयानों पर भी मुख्यमंत्री की तीखी आलोचना की और इसे एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत से जोड़ा। उन्होंने कहा, "एक 8 साल के बच्चे ने अपनी जान गंवा दी है, लेकिन उन्हें कोई शर्म महसूस नहीं होती-इसके बजाय वे लिपुलेख तक इतनी सुंदर सड़क बनाने का दावा कर रहे हैं। क्या उन्हें ऐसा कहते हुए थोड़ी भी शर्म नहीं आई, जबकि वे ठीक एक दिन पहले शोक संतप्त परिवार से मिलने गए थे?"

हरीश धामी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री बिटौगढ़ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे कनार के लोगों के लिए ठोस कदम उठाएंगे और किसी प्रतिनिधि को उनसे बातचीत के लिए भेजेंगे। साथ ही, बच्चे के परिवार से मिलकर सरकार की विफलता स्वीकार करने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के प्रयास करने चाहिए थे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article