शहर

जनजातीय गौरव दिवस पर यूपी के युवाओं को CM योगी का तोहफा, 25 लाख युवाओं के लिए टैबलेट वितरण के दूसरे चरण का आगाज

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। सीएम ने बिरसा मुंडा, स्वामी विवेकानंद और भगवान राम के संदेशों से युवाओं को प्रेरित किया।

Image

लखनऊ में सीएम योगी का संबोधन (फाइल फोटो)

Photo : PTI

जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ से युवाओं के लिए ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की। राज्य सरकार की महात्वाकांक्षी 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के तहत मुख्यमंत्री ने 25 लाख निःशुल्क टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश का युवा अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा से दुनिया की तकदीर बदलने की क्षमता रखता है।

भगवान बिरसा मुंडा और स्वामी विवेकानंद को नमन

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में स्वाधीनता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। उस दौर में जब देश गुलाम था और उच्च शिक्षा का कोई बड़ा जाल नहीं था, तब भी अंग्रेजों की क्रूरता और यातनाओं के खिलाफ देश के कई महान क्रांतिकारी खड़े हुए। उनमें से एक भगवान बिरसा मुंडा थे, जिनकी जयंती पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यह अभियान इसलिए भी पावन है क्योंकि इसे हमने 25 दिसंबर 2021 को भारत के सबसे बड़े आध्यात्मिक यूथ आइकॉन स्वामी विवेकानंद जी के नाम पर शुरू किया था।

60 लाख के बाद अब 25 लाख का नया लक्ष्य

कोरोना महामारी के मुश्किल दौर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के कारण जब छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षाएं और कक्षाएं सुचारू रूप से नहीं ले पा रहे थे, तब सरकार ने 2 करोड़ युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने का संकल्प लिया था। पहले चरण में योजना के प्रथम चरण में राज्य के 60 लाख छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। दूसरा चरण में आज लखनऊ से 25 लाख छात्रों को डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराने के दूसरे चरण की शुरुआत की गई है।

"उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश, युवाओं में अपार ऊर्जा"

मुख्यमंत्री ने भारत और उत्तर प्रदेश की जनसांख्यिकी शक्ति को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जिसकी 56 प्रतिशत आबादी युवा है। यूपी देश का सबसे युवा राज्य है, जहां की 56 से 60 प्रतिशत जनसंख्या युवाओं की है। आज उत्तर प्रदेश में जो चौतरफा बदलाव और विकास की नई इबारत दिखाई दे रही है, वह यहाँ की युवा शक्ति के अथक परिश्रम का ही परिणाम है।

इतिहास के महानायकों से प्रेरणा लेने का आह्वान

युवाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें उनकी क्षमताओं का अहसास कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई ऐतिहासिक और पौराणिक उदाहरण प्रस्तुत किए। सीएम योगी ने हनुमान जी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह जांबवंत जी ने हनुमान जी को उनकी असीम शक्तियों का स्मरण कराया था, ठीक वैसे ही आज के युवाओं को भी उनकी वास्तविक क्षमता का अहसास कराना बेहद जरूरी है। भगवान राम ने युवावस्था में ही सनातन परंपरा को रौंदने वाले असुरी शक्तियों और राक्षसों से धरती को मुक्त कराने का प्रण लिया था और अपने संकल्प को पूरा करके दिखाया। महात्मा बुद्ध ने अपने जीवन काल में सबसे अधिक चातुर्मास श्रावस्ती में बिताए थे और उनकी दी गई अहिंसा व ज्ञान की शिक्षाओं से आज भी पूरी दुनिया प्रेरणा ले रही है। आदि शंकराचार्य ने मात्र 32 वर्ष की आयु में भारत के चारों कोनों में चार पीठों की स्थापना कर दी थी, जिससे उन्होंने सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक एकता को अखंड बनाया। मात्र 16 वर्ष की उम्र में वीर अभिमन्यु ने महाभारत के सबसे कठिन चक्रव्यूह को भेदकर अपनी अद्वितीय वीरता का परिचय दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी मेधावी छात्र संसाधनों की कमी के कारण पीछे न छूटे और डिजिटल क्रांति के इस युग में यूपी का युवा हर क्षेत्र में अग्रणी रहे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article