Baramulla Mosque Fire: जम्मू-कश्मीर के उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के पट्टन इलाके में रविवार को एक मस्जिद शरीफ में अचानक आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। हालांकि, आग लगने के कारण और इससे हुए नुकसान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हमरे इलाके की मस्जिद में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, बारामूला जिले के पट्टन के हमरे इलाके में स्थित मस्जिद शरीफ में अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज बारामूला की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही बारामूला पुलिस और सेना की 29 राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
आग बुझाने के लिए चलाया गया संयुक्त अभियान
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों, पुलिस और सेना के जवानों ने मिलकर अभियान चलाया। टीमों ने समन्वय के साथ आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय निवासी भी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने मौके पर मौजूद राहत टीमों का सहयोग किया और आग पर काबू पाने के प्रयासों में हिस्सा लिया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
दमकल विभाग, पुलिस, सेना और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मस्जिद शरीफ को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी जानकारी भी अभी नहीं मिली है। अधिकारियों की ओर से आग लगने के कारण और नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
