Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक 28 वर्षीय पुलिस सब-इंस्पेक्टर की संदिग्ध हालत में रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि दरोगा का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था और वह कथित तौर पर उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस अधीक्षक इराज राजा के अनुसार, युवती पर दरोगा को ब्लैकमेल करने का भी आरोप है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पास में खड़ी थी बाइक
एसपी इराज राजा ने बताया कि शनिवार रात करीब 7 से 8 बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या कर ली है। यह जानकारी अगले स्टेशन पर रेलवे के लोको पायलट की ओर से दर्ज कराई गई एमआरओ रिपोर्ट में दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रेलवे ट्रैक के पास एक बुलेट बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पहचान 28 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में की। वह संत कबीर नगर जिले का निवासी था और पिछले 11 महीनों से बलिया के चितबड़ागांव थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था।
युवती पर ब्लैकमेल करने का आरोप
एसपी के अनुसार, संदीप कुमार का सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी और उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि करीब दो साल पहले इसी युवती ने एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा शव
पुलिस ने संदीप कुमार के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवती पर लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
