कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारत में पिछले 24 घंटे से फिर मौसम ने करवट ली है। हवाओं का रुख बदलते ही उमस गायब हो गई और रात में हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है, लेकिन दिन में धूप निकलने से गर्मी महसूस हो रही है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम बदल गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में बादलों की आवाजाही रहेगी और दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में हल्की हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। उधर, पहाड़ों मानसून तो वापस लौट गया है, लेकिन नए मौसमी तंत्र के एक्टिव होने से बादलों ने बरसना शुरू कर दिया है। अगले एक सप्ताह तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों मध्यम से तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट घोषित है। इस दौरान कुछ जगहों का आकाशीय बिजली गिरने और बर्फबारी का भी खतरा जताया गया है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में शुष्क मौसम तो कहीं-कहीं अच्छी खासी बारिश की संभावना व्यक्त की है। कमोबेश पूर्वोत्तर के राज्यों में भी वर्षा का अनुमान है।
यूपी में कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास शुरू हो गया है, जबकि दिन में अभी भी गर्म मौसम प्रतीत हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना भी बन सकती है। हालांकि, फिलहाल मौसम विभाग ने किसी दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में दिन में हल्की गर्मी तो रातें बेहद सुहावनी हैं। दिन ढलते ही पारा तेजी के साथ फिसल रहा है, जिससे रात में हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, राजधानी में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास है जो सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल, प्रदूषण के लेवल पर बढ़ोतरी की संभवना है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 150 के आसपास पहुंच गया है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। एक्यूआई को 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
उत्तराखंड का मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में मानसून की वापसी के बावजूद मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे के दौरान ऊंचाई पर बसे जिलों देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत कई जिलों में तेज आंधी, तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। बड़ी बात यह है कि 14 अक्टूबर तक मौसम का यह दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में मौसम के मामूली असर की बात कही है। कुछ हिस्सों धूप खिली रहेगी और बादलों की आवाजाही भी रहेगी। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले भागों पर मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बादलों की गरज चमक और आंधी के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया है। करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का खतरा है। इस दौरान कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिर सकती है। बारिश और मेघ गर्जन के समय लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इस मौसम का आंशिक असर पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के कुछ भागों पर भारी दिखाई दे सकता है। इससे तेजी के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को ठंड का एहसास होगा।
तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत में अभी दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर बना हुआ है। कई राज्यों में मौसम साफ है तो कहीं-कहीं बारिश का अलर्ट घोषित है। खासकर, तमिलनाडु के कई जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अगले दो दिनों में कोयंबटूर, नीलगिरी और थेनी में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो चेन्नई में शाम या रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, तिरुप्पुर, तेनकासी, विरुधुनगर, कन्नियाकुमारी और तिरुनेलवेली, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुक्कोट्टई, मदुरै, शिवगंगा और रामनाथपुरम में मेघ गर्जन और आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। कोयंबटूर और नीलगिरी में गुरुवार और शुक्रवार को भारी वर्षा होने की आशंका है।
