शहर

2 अगस्त का मौसम : कल बादल करेंगे आफत की बरसात, गिरेगी बिजली आएगा तूफान; मौसम विभाग ने किया सावधान

Kal Ka Mausam, 02 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम के लिहाज से अगस्त का पहला सप्ताह काफी बेहतर रहने वाला है। आईएमडी ने वीकेंड के दौरान दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई जिलों में बादलों की गरज चमक, आंधी-तूफान, आसमानी बिजली गिरने के साथ तेज मानसूनी गतिविधियां होने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र एवं गुजरात में मानसून की रफ्तार कम होने के भी संकेत दिए गए हैं।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam ( कल का मौसम कैसा रहेगा 02 अगस्त 2025) : अगस्त की शुरुआत अच्छी बारिश के साथ हो रही है। अभी दक्षिण-पश्चिम मानसून आधे रास्ते पर है, जिस कारण अभी तक समूचे भारत में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, जुलाई में 105 फीसदी मासिक वर्षा दर्ज की गई। अगर, रीजन वाइज देखें तो मध्य भाग में 23 फीसदी अधिक बादल बरसे और उत्तर-पश्चिम में 21 प्रतिशत अधिक पानी गिरा। हालांकि, अगस्त में मानसून की चाल कुछ सुस्त रहने का अनुमान जताया गया है। बहरहाल, आईएमडी ने वीकेंड पर यानी 2 और 3 अगस्त को बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में आसमान के बादलों से ढके रहने के संकेत दिए हैं। शनिवार और रविवार को कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश दर्ज की जाएगी, जिससे तापमान में कमी आएगी और सुहावना मौसम रहने की वजह से लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिलेगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तराई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना रहेगा। उधर, पहाड़ी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में बादल फटने और आफत की बरसात के साथ वज्रपात की चेतावनी है। वहीं, पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, असम, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में अगले 3 दिनों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है। दक्षिण में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और विदर्भ समेत गोवा में हल्की बारिश का अलर्ट है, जिस कारण तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 27 °C 31 °C
मुंबई28 °C 29 °C
भोपाल 23 °C 28 °C
जयपुर 26 °C29 °C
लखनऊ27 °C32 °C
पटना27 °C 32 °C
चेन्नई 28 °C 36 °C
हैदराबाद 24 °C 31 °C
शिमला 18 °C22 °C
देहरादून 24 °C 27 °C
कश्मीर12 °C 17 °C

दिल्ली कल का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक यानी 2 और 3 अगस्त तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। आईएमडी की मानें तो शनिवार और रविवार को बादलों की गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश मौसम को सुहावना बनाएंगी, जिससे तापमान में स्थिरता रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद भी बादलों से ढके रहेंगे और तेज से मध्यम बारिश मौसम को खुशनुमा बनाए रखेगी।

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने के संकेत दिए गए हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 और 3 अगस्त को पूर्वी यूपी के बलरामपुर, महाराजगंज, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, देवरिया, श्रावस्ती, कुशीनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बहराइच, बस्ती, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, गोंडा समेत कई आसपास के जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश और वज्रपात की संभावना है। इधर, बुंदेलखंड में झांसी, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, कन्नौज, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, हाथरस, कासगंज, अलीगढ़, आगरा, प्रयागराज और वाराणसी समेत पश्चिमी यूपी के कुछ भागों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।

बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में 2 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी ने राजधानी पटना समेत मुंगेर, गया, नवादा, बेगूसराय, बांका, कटिहार, शेखपुरा, नालंदा, भागलपुर, पूर्णिया, मधेपुरा, किशनगंज, बक्सर, कैमूर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, अरवल, औरंगाबाद और भोजपुर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की हैं। इस दौरान तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं वज्रपात (ठनका) का खतरा बताया जा रहा है, लिहाजा बिगड़ते मौसम के दौरान खुले आसमान के नीचे न रहें। राज्य में मूसलाधार बारिश और नेपाल की ओर से आ रहे पानी के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जिसकी वजह से बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है।

एमपी का मौसम

मध्य प्रदेश और उसके आसपास के राज्यों में भी तेज बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अशोकनगर, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, चंबल, सागर, रायसेन, होशंगाबाद, छतरपुर, विदिशा, सीहोर, दमोह, टीकमगढ़, शिवपुरी, गुना, रीवा, निवाड़ी और सतना समेत विभिन्न इलाकों में बादलों के छाए रहने और तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है, जिस कारण स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात में मानसूनी बारिश में थोड़ी कमी आई है। दोनों ही राज्यों में अगले 10 दिन तक कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

राजस्थान का मौसम कैसा है?

राजस्थान में कई दिनों मानसून मेहरबान है और पूरे राज्य में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, जुलाई में औसत से 77 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जयपुर मौसम केंद्र के हवाले से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, साल 1956 में 308 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। अगले 2 से 6 अगस्त तक बीकानेर, भरतपुर, गंगानगर, सूरतगढ़, महाजन, जयपुर, तारानगर, अजमरे, दौसा, कोटा, जोधपुर, अनूपगढ़, हनुमानगढ़, बूंदी, धौलपुर, चुरू और सवाई माधोपुर के अधिकांश भागों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान प्राकृतिक आपदाएं और बाढ़ का कहर भी झेलना पड़ सकता है।

हरियाणा में मौसम का हाल

हरियाणा के बादल मेहरबान हैं। कई दिनों से राज्य के अधिकांश भागों में मूसलाधार बारिश जारी है, जिसकी वजह से जलभराव की समस्याएं भी देखी जा रही हैं। निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान पानीपत, सोनीपत, रोहतक, कैथल, जींद, करनाल, हिसार, अंबाला, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूह और पलवल में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। कमोबेश ऐसा ही मौसम पंजाब के अधिकतर हिस्सों में देखा जाएगा, जिससे मौसम काफी सुहावना रहेगा।

उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश का मौसम

पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में अत्यधिक बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा 3 अगस्त तक स्थगित कर दी गई है। राज्य में अगले कुछ दिन मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। इधर, हिमाचल प्रदेश में मौसम ने बुरा हाल कर रखा है। आईएमडी की मानें तो 2 अगस्त को हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मनाली, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा और उना में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं बादल भी फट सकते हैं, लिहाजा लोगों को सतर्क रहना होगा। अत्यधिक बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा भी बना रहेगा। उधर, उत्तराखंड के चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, रूद्र प्रयाग, चामोली और पौड़ी गढ़वाल में मूसलाधार बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।

बंगाल में मौसम का मिजाज

पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। आईएमडी के मुताबिक कई जिलों में सात अगस्त तक अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, कलिमपोंग और जलपाईगुड़ी जिलों अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, कोलकाता में बादल छाए रहने और दिन में दो बार बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article