Jharkhand Vidhan Sabha Gherao: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली, पर्चा लीक और OMR शीट में हेराफेरी के खिलाफ अभ्यर्थियों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। तमाम मांगों के पूरा न होने से नाराज हजारों छात्र-छात्राएं आज 'झारखंड विधानसभा घेराव' के लिए रांची की सड़कों पर उतर आए हैं। सुबह से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और शहर के अन्य हिस्सों में राज्य के सभी 24 जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों का जमावड़ा शुरू हो चुका है।
छात्र नेता रवींद्र पासवान की अपील
विधानसभा मार्च शुरू होने से ठीक पहले प्रमुख छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि यह लड़ाई छात्रों के भविष्य की है और इसे पूरी तरह अनुशासित तरीके से लड़ा जाएगा।
रवींद्र पासवान ने कहा कि हमारा विधानसभा घेराव और प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक रहेगा। छात्र सुबह 9:00 बजे से ही जुटने शुरू हो चुके हैं और सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच मार्च शुरू होगा। चूंकि हम शिक्षित छात्र इस आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं, इसलिए हमें अनुशासन की मिसाल पेश करनी होगी। असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए हमारे अपने 300 से 400 वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे, जो किसी भी हुड़दंगी की पहचान कर सीधे पुलिस प्रशासन के हवाले करेंगे। उन्होंने राज्य पुलिस प्रशासन से भी अपील की कि वह आंदोलन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में छात्रों का सहयोग करे।
जगन्नाथ मंदिर के पास कांटेदार तार, 750 मीटर में धारा 163
छात्रों के भारी हुजूम और संभावित हंगामे को देखते हुए रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत किसी भी तरह के सभा, प्रदर्शन और हथियार ले जाने पर पाबंदी है। जगन्नाथ मंदिर के पास मार्च के मुख्य रास्ते पर कंटीले तारों और भारी वाटर कैनन, दंगा नियंत्रण वाहनों के साथ सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
