Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शनकारी छात्रों ने सोमवार को 'विधानसभा घेराव' मार्च निकाला। इस दौरान, पुलिस के लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि प्रदर्शनकारियों ने चप्पले और बोतलें फेंकी। इसको लेकर छात्र नेता रविंद्र पासवान ने शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।
'असामाजिक तत्वों की करें पहचान'
रविंद्र पासवान ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व प्रदर्शन को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही, कहा कि हमारे वॉलंटियर्स भी ऐसे लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
CCTV फुटेज की होगी जांच
रविंद्र पासवान ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी और एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की कि अगर उन्हें प्रदर्शन के बीच कोई असामाजिक तत्व नजर आता है तो वे हमारे वॉलंटियर्स को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि हम शांति और संवैधानिक तरीके से इस आंदोलन को अंतिम रूप देंगे। मैं राज्य सरकार से भी विनम्रता पूर्वक अपील करता हूं कि यह एक ऐतिहासिक आंदोलन होने जा रहा है, शाम होते-होते भीड़ बढ़ती जाएगी। सरकार को इसे गंभीरता से लेना होगा और आज ही फैसला सुनाना पड़ेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वाटर कैनन, लाठीचार्ज और आंसू गैस... रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों का जोरदार प्रदर्शन; विधानसभा के बाहर दागी गई टियर गैस
आंसू गैस के छोड़े गए गोले
सनद रहे कि प्रदर्शनकारी छात्रों ने एक के बाद एक कई बैरिकेंड्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। ऐसे में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान छात्रों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में वे घायल हो गए। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब प्रदर्शनकारी नए विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास अंतिम बैरिकेड तक पहुंचे थे।
पुलिस ने छात्रों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 51वां जन्मदिन है और इसी दिन प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा भवन के बाहर से सुबह करीब साढ़े 10 बजे मार्च शुरू किया। छात्रों ने प्रदर्शन के 17वें दिन अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
