Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ रांची में छात्रों ने सोमवार को 'विधानसभा घेराव' मार्च किया। इस दौरान, सड़कों पर उतरे हजारों आंदोलनकारी छात्र विधानसभा परिसर तक पहुंच गए और उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद छात्रों का प्रदर्शन जारी है। पुलिस ने विधानसभा के पास बैरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश करने वाले प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल का प्रयोग भी किया।
देवेंद्रनाथ महतो भी मार्च में हुए शामिल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रांची की सड़कों पर उतरे हजारों छात्र विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरक्षाकर्मी लगातार यह सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटे हुए हैं कि हालात बेकाबू न हो जाएं। ऐसे में छह राउंड आंसू गैस के गोले दागे गए। छात्रों के इस मार्च में नौ दिन से अनशन कर रहे जेएलकेएम के देवेंद्रनाथ महतो एंबुलेंस से झारखंड विधानसभा तक के मार्च में शामिल हुए।
इस दौरान, देवेंद्रनाथ महतो ने कहा, ''यही मुख्यमंत्री के जन्मदिन का तोहफा है। टियर गैस, लाठी-गोली और बंदूक चला रहे हैं, खून से कलंकित कर रहे हैं। इनको क्या लगता है गोली, लाठी के डर से छात्र को भगा देंगे। हम देख लेंगे लाठी में कितना दम है और पुलिस में कितना पॉवर है। हम लोग सत्य और संयम के रास्ते पर हैं।''
वाटरकैनन का इस्तेमाल
छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए जगह-जगह पर बैरिकेडिंग की गई, लेकिन छात्रों ने कई बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ते रहे। इसके बावजूद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटरकैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस छोड़ी गई।
JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार
इस बीच, झारखंड अपराध अन्वेषण विभाग (CID) ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को गिरफ्तार किया। राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले साल फरवरी में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के अध्यक्ष नियुक्त किए गए खियांगते ने 22 जुलाई को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
