शहर

Jharkhand News: रामगढ़ की फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 इंजीनियरों की जलकर दर्दनाक मौत, 1 मजदूर गंभीर; प्रबंधन पर उठे सवाल

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले में मां छिन्नमस्तिका स्पंज-आयरन फैक्ट्री के पावर प्लांट में देर रात भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में 3 इंजीनियरों की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 1 मजदूर गंभीर रूप से घायल है।

Image

पावर प्लांट के ओवरहीटिंग से हुआ हादसा

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित 'मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड' नाम की स्पंज-आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार की देर रात अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से तीन इंजीनियरों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और नाईट शिफ्ट में काम कर रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई।

ओवरहीटिंग के कारण हुआ भीषण विस्फोट

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात प्रोडक्शन के काम के दौरान हुआ। पावर प्लांट यूनिट में अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रामगढ़ से बुलाई गई 4 से 5 दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में घायल मजदूर हजारीबाग निवासी तरुण रजवार को तुरंत इलाज के लिए रांची रोड स्थित 'दि हॉप हॉस्पिटल' में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

मृतकों की पहचान

इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों मृतक उच्च शिक्षित और जिम्मेदार पदों पर तैनात थे। मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष), जगेश्वर बिहार, बोकारो निवासी विनीत महतो (25 वर्ष) और गढ़वा निवासी अभिषेक पांडेय (24 वर्ष) शामिल हैं।

'लापरवाही बनी हादसे की वजह'

हादसे के बाद प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खुद फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने प्रबंधन पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। यूनिट इंचार्ज ने कहा है कि यह घटना प्रबंधन की सरासर लापरवाही का नतीजा है। प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण यह ब्लास्ट हुआ। हमने बार-बार प्रबंधन से वहां एसी लगाने का अनुरोध किया था ताकि तापमान नियंत्रित रहे, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

ग्रामीणों का हंगामा, मुआवजे और नौकरी की मांग

शनिवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों और कर्मचारियों की भारी भीड़ फैक्ट्री के मुख्य गेट पर एकत्र हो गई। आक्रोशित लोग मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट जाम करने और प्रदर्शन करने में जुटे हैं। पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article