शहर

Delhi Protest: जंतर-मंतर पर तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, जांच क्राइम ब्रांच के हवाले

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 3 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अफसरों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। शिकायतें मिलने के बाद नई दिल्ली जिला पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 3 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान पुलिस अफसरों पर यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस संबंध में तीन महिला पत्रकारों की ओर से शिकायतें मिली हैं। नई दिल्ली जिला पुलिस ने शिकायतों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।

महिला पत्रकार ने ACP पर लगाए आरोप

प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि जब आइसा (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिया जा रहा था, तब एसीपी विवेक भगत ने उनके सीने पर हाथ मारा और उन्हें धक्का देकर वहां से चले गए। महिला पत्रकार ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत देने की बात कही है। महिला पत्रकार के मुताबिक, वह शिकायत दर्ज कराने के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचीं, लेकिन करीब साढ़े तीन घंटे इंतजार करने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि उनके समर्थन में कई पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता थाने के बाहर मौजूद थे। वहीं, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में शिकायतें प्राप्त कर ली गई हैं और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CJP ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

इस घटनाक्रम के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य संगठनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। CJP की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह और सह-संयोजक सौरव दास ने पुलिस द्वारा तुरंत FIR दर्ज न करने और शुरुआती जांच के नाम पर समय मांगने पर कड़ी आपत्ति जताई है। सीजेपी ने मामले में न्याय और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार सुबह 11 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर जुटने का आह्वान किया है। सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने भी कानून के मुताबिक इस मामले में तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर लगे आरोपों को लेकर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया।

राहुल गांधी ने भी दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एक महिला पत्रकार ने पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है और कई घंटे के प्रदर्शन के बाद भी FIR दर्ज नहीं होने पर सवाल उठाया। राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने, महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार और पत्रकारों को घसीटे जाने और उनके कैमरे छीने जाने के आरोपों का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी ने अमित साह पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने लिखा कि दिल्ली भर में महिलाएं और छात्र अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं और सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन जिन पुलिसकर्मियों पर महिलाओं की रक्षा करने की जिम्मेदारी है, वे ही उन पर हाथ उठा रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, "अमित शाह जी, आप कहां हैं? आपको इसका जवाब देना होगा," क्योंकि दिल्ली पुलिस सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article