Pahalgam MLA FIR: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पहलगाम विधानसभा सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के मौजूदा विधायक अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ कालू (Altaf Ahmad Kaloo) और पार्टी के प्रवक्ता उमेश तलाशी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दोनों नेताओं पर विधायक की सुरक्षा में तैनात पुलिस पर्सनल (PSO) के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उस समय हुई जब पीड़ित पुलिस जवान अपनी ड्यूटी निभा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर नेताओं और सुरक्षाकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोप के मुताबिक विधायक अल्ताफ कालू और पार्टी प्रवक्ता उमेश भट्ट उर्फ उमेश तलाशी ने पुलिसकर्मी के साथ हाथपाई और मारपीट कर दी। इस घटना में जवान को शारीरिक चोटें भी आई हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: अंधेरे की आड़ में भारत में घुसपैठ की कोशिश, पंजाब बॉर्डर पर BSF ने दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को किया ढेर; हाई अलर्ट
दोनों नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पुलिसकर्मी ने हिम्मत दिखाते हुए आला अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उसने पूरी आपबीती बताते हुए दोनों नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। जवान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR संख्या 332 दर्ज कर ली है।
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद इलाके के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस महकमे की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर जल्द ही एक औपचारिक बयान जारी होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
