जयपुर

जयपुर की हाई सिक्योरिटी जेल से दो कैदी दीवार फांदकर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जयपुर की हाई सिक्योरिटी जेल से दो कैदी अलसुबह दीवार फांदकर फरार हो गए। दोनों ने प्लास्टिक पाइप का सहारा लेकर 25 फीट ऊंची दीवार लांघी। घटना से जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पहले भी यह जेल विवादों में रह चुकी है और सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं।

Image

जेल की दीवार से लटकी पाइप

Photo : Times Now Digital

Jaipur News: राजधानी की हाई सिक्योरिटी जेल से शनिवार अलसुबह दो कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी करीब 25 फीट ऊंची दीवार को पाइप के सहारे चढ़कर भाग निकले। घटना सुबह करीब 3.30 बजे की है। फरार कैदियों की पहचान अनस और नवल किशोर के रूप में हुई है, जो चोरी के मामलों में जेल की बैरक नंबर 13 में बंद थे।

पाइप का सहारा लेकर दीवार फांदी

मिली जानकारी के अनुसार जेल परिसर में तीन लेयर की बेरिकेडिंग और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। इसके बावजूद दोनों कैदी गार्ड को चकमा देने में सफल रहे। उन्होंने जेल की दीवार के सहारे लगे प्लास्टिक पाइप का इस्तेमाल किया और ऊंची दीवार लांघकर भाग गए। दीवार के पास ही हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजरती है, हालांकि गनीमत रही कि कैदी इसकी चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जेल प्रशासन में हड़कंप

कैदियों के फरार होने की घटना सामने आते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही जेल के आसपास तलाश अभियान शुरू किया गया और शहर की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है।

पहले भी विवादों में रही यह जेल

जयपुर की हाई सिक्योरिटी जेल पहले भी विवादों में रह चुकी है। हाल ही में इसी जेल से मुख्यमंत्री भजनलाल को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद जेल प्रशासन पर कई सवाल खड़े हुए थे और सुरक्षा चूक को लेकर कार्रवाई भी हुई थी। अब कैदियों के फरार होने से एक बार फिर से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें