Rajasthan Roadways Fare Hike: राजस्थान में बस यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) ने विभिन्न श्रेणियों की बसों के किराए में बढ़ोत्तरी की घोषणा की है। यह नई दरें 5 अगस्त की रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। किराया बढ़ोतरी का असर साधारण से लेकर सुपर लग्जरी एसी बसों तक सभी सेवाओं पर पड़ेगा। आरएसआरटीसी की अध्यक्ष शुभ्रा सिंह ने बताया कि किराए में यह संशोधन राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार किया गया है। जिसके बाद यात्रियों को अब हर किलोमीटर के लिए अधिक भुगतान करना होगा।
राजस्थान में कितना बढ़ा बसों का किराया?
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार राजस्थान में साधारण सेवा बसों के किराए में प्रति यात्री प्रति किलोमीटर 10 पैसे की बढ़ोत्तरी की गई है। सेमी-डीलक्स बसों के लिए यह वृद्धि 12 पैसे है। डीलक्स (नॉन-एसी) श्रेणी की बसों के लिए 15 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोत्तरी की गई है। एसी बसों के किराए में भी 15 पैसे प्रति किलोमीटर का इजाफा होगा, जबकि वातानुकूलित श्रेणी की सुपर लग्जरी बसों में यात्रा 20 पैसे प्रति किलोमीटर महंगी होगी।
राजस्थान में बसों का नया किराया क्या है?
यात्री किराए की नई दरें लागू होने के बाद साधारण बसों में प्रति किलोमीटर किराया अब 95 पैसे प्रति यात्री होगा। इसी तरह यह किराया सेमी-डीलक्स बसों के लिए 1.10 रुपये, डीलक्स (नॉन-एसी) बसों के लिए 1.25 रुपये, वातानुकूलित सेवाओं के लिए 1.80 रुपये और सुपर लग्जरी वातानुकूलित सेवा के लिए 2.10 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति यात्री होगा।
(इनपुट - भाषा)
