जयपुर

Kuldhara Village History: भारत की सबसे भूतिया जगह, कुलधरा से रातोंरात गायब हो गए थे हजारों लोग; रात में एंट्री है बैन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 7, 2023, 09:48 PM IST

Kuldhara Village History: राजस्थान के जैसलमेर से लगभग 18 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित, कुलधरा 19वीं सदी की शुरुआत से एक शापित गांव बना हुआ है। स्थानीय लोगों की मानें तो अब यहां भूतों का निवास है, इस शापित गांव में रात में भूत आते हैं, यह गांव उजड़ने के बाद कभी दोबारा नहीं बसा।

Image

भारत की सबसे भूतिया जगह

Kuldhara Village History: भूतों का गांव, भारत की सबसे भूतिया जगह, जहां रात में जाने पर मनाही है, इतिहास का शापित गांव...ऐसे न जाने कितनी ही उपाधियां राजस्थान के कुलधरा गांव को मिली हुई है। हाल ये है कि रात में यहां पर सरकार की ओर से ही एंट्री बैन है। स्थानीय लोगों की मानें तो रात में यहां भूत होते हैं।

क्या है कहानी

राजस्थान में ऐसे तो कई भूतिया जगहें हैं, लेकिन जो स्थान कुलधरा का है, उसके आसपास पूरे भारत में ही कोई और जगह हो। कुलधरा की सुनसान, संकरी गलिया, खंडर में तब्दील हो चुके घर, बीच-बीच में उगी हुई झाडियां किसी को भी डराने के लिए काफी है। कुलधरा जैसलमेर से 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां अब खंडहर के सिवा कुछ नहीं बचा है, लेकिन हमेशा से ऐसा नहीं था, एक दौर था, जब यहां के घर आबाद थे। घरों में किलकारियां गुंजती थीं। खेत लहलहाते थे। लेकिन एक ही रात में सबकुछ बदल गया। हजारों लोग कहां चले गए, किसी को पता नहीं, लेकिन जाते-जाते उन्होंने इस जगह को ऐसा श्राप दिया कि यह फिर कभी आबाद नहीं हो पाया।

श्राप के पीछे की कहानी

लगभग 200 साल पहले यह गांव आबाद था। गांव में दर्जनों ब्राह्मण परिवार रहते थे। यहां जमींदार सलीम सिंह का शासन था। वहीं इस गांव से राजस्व की वसूली करता था। एक दिन जब वो टैक्स लेने के लिए इस गांव के दौरे पर आया तो उसकी नज़र गांव के मुखिया की खूबसूरत बेटी पर पड़ी। वो उसकी खूबसूरती पर इस कदर फिदा हुआ कि उसे हासिल करने के लिए प्रपंच रचने लगा। उसने प्रधान से बेटी की शादी करने के लिए कहा, नहीं मानने पर धमकी दी। तंग करने लगा। मना करने पर धमकी दी कि अगले दिन वो अपने साथ लड़की को ले जाएगा।

रातों रात गायब हो गए सभी

गांव वाले नहीं चाहते थे कि लड़की की शादी उस दुष्ट से हो। उन्हें जो करना था, जल्द करना था। मुखिया ने फैसला किया कि पूरा ब्राह्मण समुदाय कुलधरा और आसपास के 84 गांवों से पलायन करेगा। उसने अपने दूतों को सभी को सूचित करने के लिए भेजा और उस रात सभी ग्रामीणों ने दुष्ट दीवान और भूमि को कोसते हुए अपना घर छोड़ दी। अगले दिन दीवान लड़की को लेने आया लेकिन गांव खाली पाया। एक रात में इतने ग्रामीण कैसे गायब हुए यह अभी भी एक रहस्य है।

और कुलधरा हो गया शापित

गांव वाले जाते-जाते कुलधरा को शाप दे गए। उन्होंने कहा कि यह गांव दोबारा से कभी नहीं बसेगा। कोई यहां नहीं रह सकेगा। इसके बाद यह जगह कभी आबाद नहीं हुई। कई बार लोगों ने कोशिश की, लेकिन कहा जाता है कि जिसने भी ऐसी कोशिश की, उसके साथ अनहोनी हो गई।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!