जयपुर

Hawa Mahal Festival: जयपुर में इस तारीख को होगा हवा महल फेस्टिवल, देशी-विदेशी सैलानी उठा सकेंगे लुफ्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 12, 2023, 04:37 PM IST

Jaipur Tourism: जयपुर में हवा महल फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से 15 जनवरी को हवा महल फेस्टिवल का आयोजन होना है। इसमें देश-विदेश के सैलानी भी शिरकत करने वाले हैं। इस फेस्टिवल में कई शानदार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस फेस्टिवल में जयपुर के लोग भी हिस्सा ले सकेंगे।

Image

पर्यटन विभाग की ओर से जयपुर में 15 जनवरी को होगा हवा महल फेस्टिवल

KEY HIGHLIGHTS
  • 15 जनवरी को होगा हवा महल फेस्टिवल
  • रात 8:30 से रात 12 बजे तक फेस्टिवल में होंगे कार्यक्रम
  • फेस्टिवल का उद्देश्य लोगों को विरासत के संरक्षण के प्रति प्रेरित करना


Jaipur News: जयपुर में पर्यटन विभाग की ओर से 15 जनवरी को हवा महल फेस्टिवल का आयोजन करने की योजना है। हवा महल के झरोखे से इस दिन सांस्कृतिक और पुरा महत्व के स्मारकों को सहेजने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस फेस्टिवल में देश-विदेश से आए सैलानी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य जयपुर वासियों में विरासत के प्रति चेतना और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।

बता दें कि, इस फेस्टिवल में पुष्कर का नगाड़ा बैंड, लाइव म्यूजिक पर कथक प्रस्तुतियां, पाबूसर के कलाकारों का थाली नृत्य व ढोल वादन कार्यक्रम, गैर नृत्य, चंग की थाप पर थिरकते कलाकारों के अलावा बहुत सारे कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। यहां पर इस दिन फायर पेंटिंग करते कलाकार भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बैंड वादन, फड़ पेंटिग्स के साथ भोपा- भोपी के किस्से, बहरूपियों का स्वांग आदि कार्यक्रम भी होने हैं।

रंग बिरंगी रोशनी से जगमग होगा हवा महल बाजार

हवा महल फेस्टिवल के मौके पर लोक गीत, संगीत खानपान व मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध होंगे। रात 8:30 बजे से रात 12 बजे तक चलने वाले इस फेस्टिवल के जरिए नाइट टूरिज्म का स्पेशल नजारा देखने को मिलेगा। बड़ी चौपड़ से लेकर जलेब चौक व ख्वासजी के रास्ते तक का क्षेत्र रंग बिरंगी रोशनी से सराबोर किया जाएगा। बता दें कि, हवा महल बाजार के नाम से पहचाने जाने वाले क्षेत्र में जयपुर का सबसे दर्शनीय पर्यटन स्थल हवा महल तो मौजूद है ही साथ में सवाई मानसिंह टाउन हॉल, रामप्रकाश सिनेमा, अयोध्या पोल (जलेब चौक प्रवेश द्वार) क्षेत्र के मंदिर और कई हवेलियां जयपुर के इस बाजार को हेरिटेज वॉक वे कॉरिडोर का दर्जा देने का काम करते हैं।

राजस्थान के पारंपरिक स्वाद का ले सकेंगे आनंद

जानकारी के लिए बता दें कि, बड़ी चौपड़ से लेकर जलेब चौक तक कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन दुकानों के आसपास खाली स्थानों पर किया जाएगा। फेस्टिवल के दौरान सैलानी भरपूर खरीदारी कर सकेंगे। इतना ही नहीं कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखते हुए जयपुर व राजस्थान के पारंपरिक खानपान का स्वाद लिया जा सकेगा। जयपुर का कढ़ाई का दूध और साइकिल वाली चाय की दुकान चाय के शौकीन लोगों के लिए उपलब्ध होगी। इस दौरान वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेंगी। बाहरी सैलानी व जयपुर वासी पैदल ही इस फेस्टिवल का आनंद ले सकेंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article