शहर

दिल्ली-NCR में लगा महा जाम! कालिंदी कुंज से गुरुग्राम बॉर्डर तक रेंगती दिखीं गाड़ियां, विरोध प्रदर्शन और रूट डायवर्जन ने बढ़ाई मुश्किलें

Delhi News: दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते शुक्रवार शाम सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, वहीं कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कालिंदी कुंज से सरिता विहार और दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के सरहौल इलाके में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस बीच, संवेदनशील इलाकों में हजारों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, कड़ी बैरिकेडिंग और CCTV कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है।

Image

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भीषण जाम की तस्वीर

Photo : Twitter

Delhi News: दिल्ली में शुक्रवार शाम विरोध प्रदर्शन और ट्रैफिक डायवर्जन के चलते कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली से नोएडा जाने वाले कालिंदी कुंज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वहीं, दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर स्थित सरहौल बॉर्डर पर भी बड़ी संख्या में वाहन जमा हो गए।

इससे दिल्ली की ओर जाने वाले और कामकाज के बाद घर लौट रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार शाम पीक आवर्स के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बदले हुए रूट और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कई इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही धीमी हो गई। कालिंदी कुंज बॉर्डर से नोएडा की ओर जाने वाले रास्ते पर लंबा जाम लगने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। वहीं, सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखाई दिए। दिल्ली-एनसीआर में शाम के समय सफर करने वाले लोगों को जाम के कारण अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।

सरहौल बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी कतारें

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर शुक्रवार शाम यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। सरहौल बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और बड़ी संख्या में गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। इसका असर दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों और दफ्तर से घर लौट रहे लोगों की आवाजाही पर पड़ा। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर किए गए रूट डायवर्जन और पीक आवर्स में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।

लोगों से गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की अपील

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलना चाहिए। इससे संभावित जाम और रास्तों में बदलाव के कारण होने वाली देरी से बचने में मदद मिल सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर शुरू करने से पहले अपने निर्धारित मार्ग पर ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर लें। साथ ही, रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

6,500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर, जनपथ, चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आसपास के करीब 1.5 किलोमीटर के क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इन इलाकों में 6,500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। वहीं, जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सात स्तरों की बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके। निगरानी को मजबूत करने के लिए 300 से ज्यादा CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। इन कैमरों में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा है, जिससे संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिल सके।

रेलवे स्टेशन, ISBT और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले रवाना होने की सलाह

दूसरी ओर, प्रदर्शन के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले संबंधित रास्तों पर यातायात की स्थिति जांचने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले रवाना होने की सलाह दी गई है। साथ ही, लोगों से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article