Jaipur: राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के लोगों के लिए ये एक अहम खबर है। न्यू ईयर में इस बार प्रदेश की गहलोत सरकार एक अनूठी सौगात देने की तैयारी कर रही है। बता दें कि, राज्य सरकार 100 करोड़ रु. की लागत से जयपुर में विश्व विद्यालय स्तर का इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट खोलने की तैयारी में है। बता दें कि, ऐसा यह राज्य का पहला ऑटोनॉमस इंस्टीट्यूट होगा।
यहां पर यूजी व पीजी से लेकर पीएचडी तक की स्टडी के लिए अपना सिलेबस तैयार किया जाएगा। इसके अलावा संस्थान प्रतिभागियों को डिग्री भी देगा। सूत्रों के मुताबिक, इंस्टीट्यूट का मसौदा तैयार हो चुका है। राज्य सरकार इसे 23 जनवरी से विधानसभा में शुरू होने वाले बजट सत्र में पेश कर सकती है। इसकी खास बात ये होगी कि, ये इंस्टीट्यूट विश्वविद्यालय स्तर का तो होगा मगर किसी भी महाविद्यालय को सम्बद्धता नहीं दे सकेगा। हालांकि कोटा और बीकानेर में तकनीकि संस्थान हैं। गौरतलब है कि, इसका पूरा डायग्राम झुंझुनूं जिले में स्थित बिट्स पिलानी के निदेशक प्रोफेसर सुधीर कुमार व बेंगलुरू आईआईएससी के प्रोफेसर एनसी शिवप्रकाश की कमेटी ने तैयार किया है।
