जयपुर

राजस्थान में 'चुपड़ी रोटी' होगी महंगी, त्योहारों से पहले सरस घी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी

राजस्थान डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) ने सरस घी के दामों में वृद्धि कर दी है, नई दरें आज से ही लागू हो गई हैं। त्योहारों के मौसम में घी की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए, आरसीडीएफ ने राजस्थान में सरस घी की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है।

Image

राजस्थान में घी के दाम बढ़े

चुपड़ी रोटी और गट्टे की सब्जी का स्वाद महंगा होने वाला है। क्योंकि राजस्थान में सरस घी की कीमत बढ़ गई है। त्योहारों के मौसम में घी की बढ़ती मांग को देखते हुए यह ताजा वृद्धि की गई है। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) ने घी के दामों में 20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।

इस नई दर के अनुसार, सामान्य सरस घी का एक लीटर पैक अब 588 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले यह 568 रुपये में बिकता था। गाय के घी का एक लीटर पैक भी महंगा होकर 608 रुपये का हो गया है। इसके अलावा, 15 किलोग्राम के टिन पैक की कीमतों में भी वृद्धि हुई है।

सामान्य घी का 15 किलोग्राम का टिन अब 9645 रुपये में मिलेगा, जो पहले 9345 रुपये में मिलता था। इसी तरह, गाय के घी का 15 किलोग्राम का टिन 9945 रुपये में बिकेगा, जो पहले 9645 रुपये का था। इस प्रकार, 15 किलोग्राम के टिन पर कुल 300 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह नई दरें आज से ही लागू हो गई हैं।

राजस्थान में सरस घी की कीमतों का नियंत्रण आरसीडीएफ द्वारा किया जाता है, जो पूरे प्रदेश में घी के मूल्यों का निर्धारण करता है। वहीं, दूध की कीमतों का निर्धारण जिला डेयरी संघों द्वारा किया जाता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article