Diwali Bonus Investment Strategy: दिवाली (Diwali 2026) के मौके पर कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को सैलरी के साथ बोनस भी देती हैं। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों के पास नियमित आमदनी के अलावा, कुछ अतिरिक्त पैसे आ जाते हैं। ज्यादातर लोग इस रकम को कपड़ों, गैजेट्स, घर की सजावट और त्योहार की खरीदारी पर खर्च कर देते हैं। हालांकि, अगर इस बोनस को थोड़ी समझदारी से मैनेज किया जाए तो इससे न केवल त्योहार की खुशियां बढ़ सकती हैं, बल्कि भविष्य की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है। इसके लिए आप 50-30-20 बजट नियम से अलग एक नया फॉर्मूला अपना सकते हैं।
क्या है 50-30-20 बजट फॉर्मूला?
इस नियम के तहत आपकी कुल आमदनी का 50% हिस्सा जरूरतों, 30% हिस्सा इच्छाओं और 20% हिस्सा बचत या निवेश के लिए रखा जाता है। लेकिन दिवाली बोनस (diwali bonus) एक अतिरिक्त रकम होती है। इसलिए इसे सामान्य सैलरी की तरह खर्च करने के बजाय अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों में बांटना बेहतर हो सकता है।
अपनाएं 40-30-20-10 का बोनस बजट फॉर्मूला
दिवाली बोनस को मैनेज करने के लिए आप 40-30-20-10 का फॉर्मूला अपना सकते हैं। इसमें बोनस की रकम को चार हिस्सों में बांटना होगा-
40% जरूरतों और कर्ज के लिए: बोनस का सबसे बड़ा हिस्सा जरूरी खर्चों और बकाया भुगतान के लिए रखें। अगर क्रेडिट कार्ड का बिल, पर्सनल लोन या कोई दूसरी देनदारी बाकी है तो उसका भुगतान कर सकते हैं। इससे ब्याज का बोझ कम होगा।
30% बचत और निवेश: बोनस का यह हिस्सा भविष्य के लिए सुरक्षित रखें। इससे इमरजेंसी फंड बढ़ा सकते हैं या अपनी जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्य के अनुसार म्यूचुअल फंड SIP, FD या अन्य निवेश विकल्प चुन सकते हैं।
30% त्योहार और शॉपिंग: दिवाली पर खुद और परिवार के लिए खरीदारी करना भी जरूरी है। इसलिए बोनस का कुछ हिस्सा कपड़े, गिफ्ट, मिठाई और घर की सजावट पर खर्च कर सकते हैं। इससे बजट भी नहीं बिगड़ेगा और त्योहार का आनंद भी मिलेगा।
10% खुद के लिए: बोनस का छोटा हिस्सा अपनी किसी पसंद या शौक पर खर्च करें। आप इससे कोई नई स्किल सीख सकते हैं, किताबें खरीद सकते हैं या अपनी पसंद का कोई सामान ले सकते हैं।
उदाहरण से समझें पूरा गणित
मान लीजिए आपको दिवाली पर 20,000 रुपये बोनस मिला है। इस फॉर्मूले के अनुसार 8,000 रुपये जरूरतों और कर्ज, 6,000 रुपये बचत व निवेश, 4,000 रुपये शॉपिंग और 2,000 रुपये खुद के लिए रख सकते हैं।
हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि यह फॉर्मूला एक सामान्य बजट उदाहरण है। अपनी आर्थिक स्थिति, कर्ज और जरूरी खर्चों के हिसाब से इसमें बदलाव कर सकते हैं।
