शहर

Delhi: एक्स्ट्रा छोले मांगने पर भटूरे वाले ने ग्राहक को 7 बार घोंपा चाकू, इलाज के दौरान मौत, अब चलेगा हत्या का मुकदमा

Delhi Crime: दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में एक्स्ट्रा छोले मांगने को लेकर हुए विवाद में छोले-भटूरे विक्रेता ने 35 वर्षीय युवक पर चाकू से कई वार कर दिए। महाराजा अग्रसेन अस्पताल में इलाज के दौरान संदीप की मौत के बाद पुलिस ने केस में हत्या की धारा (103(1) BNS) जोड़ दी है।

Image

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके से एक बेहद मामूली विवाद पर सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। छोले-भटूरे के स्टॉल पर महज 'एक्स्ट्रा छोले' मांगने को लेकर हुए विवाद में विक्रेता ने ग्राहक पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब मामले में हत्या की संगीन धारा जोड़ दी गई है।

'एक्स्ट्रा छोले' को लेकर बढ़ा विवाद

दिल्ली पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मामला 26 अक्टूबर 2026 की रात का है। 35 वर्षीय संदीप ज्वालापुरी नाले के पास स्थित एक स्टॉल पर छोले-भटूरे खाने पहुंचे थे।

संदीप छोले-भटूरे लेकर स्टॉल से कुछ दूरी पर बैठकर खा रहे थे। इसी दौरान उन्हें छोले कम लगे, तो उन्होंने स्टॉल मालिक से 'एक्स्ट्रा छोले' मांगे। संदीप ने दुकानदार से कहा कि वह खुद आकर उनकी जगह पर छोले दे जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हाथापाई और चाकूबाजी में तब्दील हो गई।

रिपोर्ट में पेट और बांह पर मिले 7 गहरे घाव

26 अक्टूबर को ही पुलिस को संजय गांधी मेमोरियल (SGM) अस्पताल से सूचना मिली कि 35 वर्षीय संदीप को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों द्वारा तैयार की गई एमएलसी रिपोर्ट में संदीप को गंभीर स्थिति के कारण बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया गया था। एमएलसी के अनुसार, संदीप के शरीर पर चाकू से हमले के कुल 7 निशान मिले थे। इनमें पेट के बाईं ओर 3 गहरे घाव, बाईं बांह पर 3 घाव और कलाई पर 1 गहरा घाव शामिल था। घटनस्थल के हालात और एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने उसी दिन भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इलाज के दौरान मौत, FIR में जुड़ी हत्या की धारा

जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी छोले-भटूरे विक्रेता चिंटू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उधर, गंभीर रूप से घायल संदीप को बेहतर इलाज के लिए पंजाबी बाग स्थित महाराजा अग्रसेन अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने औFIRर अंदरूनी चोटों के कारण आगे के इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। संदीप की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में FIR संशोधन किया है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) BNS (हत्या) को जोड़ दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article