शहर

MLC चुनाव के नतीजों के बाद आज अमित शाह का लखनऊ दौरा, 2027 के मिशन के लिए होगी अहम बैठक

विधान परिषद (MLC) चुनावों में 6 सीटों पर जीतने के बाद बीजेपी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 का रोडमैप तैयार कर लिया है। इसी को लेकर लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में गृह मंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र देंगे।

Image

आज बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रहेंगे गृह मंत्री (फाइल फोटो)

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपनी संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी शंखनाद की रूपरेखा तय कर ली है। गौरतलब है कि 11 सीटों पर घोषित हुए अंतिम नतीजों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुल 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के खाते में 5 सीटें गई हैं। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। गृह मंत्री का यह दौरा 2027 के चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

"हम इन नतीजों की विस्तृत समीक्षा करेंगे"

बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। हालिया MLC चुनाव परिणामों पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के नतीजों में पार्टी ने 6 सीटों पर जीत हासिल की है। अगर आप वोट शेयर के आंकड़ों को देखें, तो पूरे उत्तर प्रदेश में बीजेपी का वोट प्रतिशत और जनाधार काफी बढ़ा है। फिर भी हम इन नतीजों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह कार्यसमिति को संबोधित करेंगे, जिसके साथ ही 2027 के चुनावी अभियान की औपचारिक और प्रभावी शुरुआत हो जाएगी।

मिशन 2027 का रोडमैप और गांव-गरीब का कल्याण

प्रदेश कार्यसमिति की इस 2-दिवसीय बैठक में प्रदेश भर से करीब 2,850 आमंत्रित पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में मुख्य रूप से योगी आदित्यनाथ सरकार के सुशासन के ट्रैक रिकॉर्ड, जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की संगठनात्मक संरचना को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर गहन मंथन होगा।

अमित शाह का लखनऊ शेड्यूल

बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ प्रवास के दौरान करीब 3 घंटे 15 मिनट तक राजधानी में रहेंगे। वे कार्यसमिति के सत्र को डेढ़ घंटे तक संबोधित करेंगे और 2027 के चुनाव प्रबंधन को लेकर निर्देश देंगे। अमित शाह सुबह 10:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सुबह 10:55 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, आशियाना पहुंचेंगे। यहां पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक दो दिवसीय भाजपा कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इसके लिए डेढ़ घंटे का समय निर्धारित है। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक मध्याह्न भोजन के लिए उनका समय तय है। दोपहर 2:15 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पार्टी द्वारा हाल ही में घोषित 712 सदस्यीय विस्तृत कार्यसमिति के जरिए पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर, सभी 6 सांगठनिक क्षेत्रों को एकजुट कर चुनावी कमान कसी जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article