शहर

पटना में जमीन कारोबारी को मारी गोली, दो बाइक पर सवार होकर आए थे 4 अपराधी

पटना के ईसापुर में दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद छोटू को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर है। पुलिस जमीन विवाद समेत कई एंगल से जांच कर रही है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस (Times Now Navbharat)

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना (Patna, Bihar) में जमीन कारोबार से जुड़े एक और हिंसक मामले ने लोगों को डरा दिया है। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर में गुरुवार देर शाम बाइक सवार चार अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी को गोली मार दी। गोली कारोबारी की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। घायल कारोबारी की पहचान मोहम्मद छोटू के रूप में हुई है। वह ईसापुर की पुरानी मस्जिद के रहने वाले हैं और जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम वह अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह पुरानी मस्जिद के पास एक दुकान पर अंडा खाने पहुंचे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी वहां आ धमके।

अचानक पहुंचे अपराधियों ने चलाई गोली

जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने मोहम्मद छोटू को निशाना बनाकर गोली चला दी। एक गोली उनकी पीठ में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस वारदात से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलाने के बाद चारों आरोपी अपनी बाइक से मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल कारोबारी को तुरंत इलाज के लिए पटना एम्स (Patna AIIMS) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधी किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।

जमीन विवाद समेत कई एंगल से जांच

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मोहम्मद छोटू पर हमला क्यों किया गया? चूंकि वह जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस जमीन के किसी पुराने विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। इसके अलावा आपसी रंजिश और कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक हमले की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस घायल कारोबारी के बयान और उनके कारोबार से जुड़े विवादों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इस गोलीबारी ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article