Rajasthan Politics : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा में जनसमूह को संबोधित किया। वे बुधवार से ही उदयपुर, डूंगरपुर व बांसवाड़ा के इलाके के दौरे पर हैं। आज गहलोत महंगाई राहत कैंप, प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करने के बाद वहां पहुंचे थे। गुरुवार को उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपनी विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से आम जन को महंगाई से राहत देने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की चर्चा देश भर में है।
सरकारी योजनाओं पर क्या बोले सीएम
राज्य सरकार की मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना, मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना और चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का जिक्र गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि महंगाई की मार कम हो। शिविर में कल्याणकारी योजनाओं के गारंटी कार्ड दिए जा रहे हैं। वे इसलिए ही दिए जा रहे हैं कि महंगाई के दौर में लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना के तहत उज्ज्वला एवं बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
'कर्नाटक में भी लागू करेंगे ये योजना'
सीएम गहलोत ने शिविर में मौजूद लोगों से कहा कि इन सरकारी योजनाओं की चर्चा केवल राजस्थान में ही नहीं है, कांग्रेस ने कनार्टक में अपने चुनावी घोषणा पत्र में राजस्थान सरकार की योजनाएं शामिल की हैं। राजस्थान की तरह हम (कांग्रेस) कर्नाटक में भी ये योजनाएं लागू करेंगे। उन्होंने कहा, 'हर राज्य को इस तरह की योजनाएं लागू करनी होंगी।
रेवड़ी वाले पर भाजपा को घेरा
अशोक गहलोत ने कल्याणकारी योजनाओं को रेवड़ियां बताने पर भाजपा को भी निशाने पर लिया। हरियाणा के सीएम खट्टर को लेकर उन्होंने कहा कि 'वे कहते हैं ऐसी योजनाएं नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री कहते हैं कि रेवड़ी नहीं बांटनी चाहिए। मैं प्रधानमंत्रीजी से पूछना चाहता हूं कि कनार्टक चुनाव में आपकी पार्टी के घोषणा पत्र में भी ऐसी योजनाएं हैं तो क्या ये रेवड़ी नहीं है।'
महिलाओं को मुफ्त स्मार्टफोन का ऐलान
अशोक गहलोत ने आगामी रक्षाबंधन पर 40 लाख महिलाओं को एक साथ मुफ्त स्मार्टफोन देने का ऐलान किया। कहा कि इन स्मार्टफोन में तीन साल का इंटरनेट पैक भी मुफ्त होगा। वहीं, सीएम ने महिलाओं की बड़ी संख्या पर उपस्थिति पर भी खुशी जताई। बता दें कि राज्य सरकार ने 24 अप्रैल से शिविर लगाने शुरू किए हैं। इनमें राज्य सरकार की दस प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लिए लाभार्थियों का पंजीयन कर उन्हें प्रत्येक योजना के लिए एक गारंटी कार्ड दिया जाता है। शिविरों में पंजीयन के बाद पात्र व्यक्तियों को योजना प्रारम्भ होने की तिथि से लाभ दिया जाएगा।
(भाषा इनपुट के साथ)
