शहर

जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने खड़ी बस में मारी टक्कर; 3 लोगों की मौत

राजस्थान के जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी निजी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

Image

फाइल फोटो

Jaipur Ajmer Highway Accident: राजस्थान के जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी प्राइवेट बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

टक्कर के बाद बस गड्ढे में पलटी

पुलिस के अनुसार, यह हादसा मोखमपुरा थाना क्षेत्र के महला गांव के पास हुआ। बस में लगभग 20 लोग सवार थे, जो चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे। रास्ते में बस का एक्सेल टूटने के कारण चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। जब बस को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

हादसे में जयपुर के घाट की गुनी निवासी मधुराज (30), चांदपोल निवासी राहुल हरिजन (29) और बस चालक साताराम (30) की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जिन्हें बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया और सभी घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के शव दूदू अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article