शहर

Ambedkarnagar News: IPS की मां की संदिग्ध मौत का रहस्य गहराया, जांच में जुटीं कई टीमें, SP प्राची सिंह क्या बोलीं?

Ambedkarnagar News: अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शरीर से सोने-चांदी के जेवर गायब होने के कारण हत्या और लूट की आशंका जताई गई है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

Image

अंबेडकरनगर मर्डर केस

Photo : Times Now Digital

Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीया मां इंद्रावती देवी का शव उनके गांव रुधा धमरुआ में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। अंबेडकरनगर की पुलिस अधीक्षक (SP) प्राची सिंह ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है। इसके लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं।

SP ने बताया कि घटना स्थल की जांच के दौरान तुलसी की माला और कील नुमा पीली धातु जैसी कुछ चीजें मिली थीं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, अधिकांश सोने-चांदी के जेवरात अभी बरामद नहीं हो सके हैं। मौत की सटीक वजह का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी की निगरानी में कराया गया।

पूरी निष्पक्षता से की जा रही घटना की जांच

हालांकि, शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके चलते डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है। अंबेडकरनगर पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है और जल्द ही इस घटना से पर्दा उठाकर आरोपियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मामला दर्ज

रविवार सुबह जब घर की देखभाल करने वाली नौकरानी पहुंची, तब घटना की जानकारी हुई। बुजुर्ग महिला के शरीर से उनके रोज पहने जाने वाले सोने-चांदी के आभूषण गायब थे, जिससे लूटपाट और हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर IPS आशुतोष मिश्रा तुरंत लखनऊ से गांव पहुंचे। उनकी तहरीर पर मालीपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article