Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज फिर से बदलता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भारत के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। आज उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। IMD के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमालयी क्षेत्रों में अचानक मौसम में बदलाव हो सकता है। दक्षिण भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
एक ओर कुछ राज्य आज बारिश से तर होंगे, तो वहीं दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश में आज तेज धूप और भीषण गर्मी सताएगी। कहीं-कहीं लू चलने की भी संभावना है। जिसके चलते कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 11 से 14 मई 2026 के बीच देश के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट है।
दिल्ली में अगले दो घंटे में होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में आज आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी में स्थित रीजनल वेदर फोरकास्ट सेंटर ने सोमवार को एक तात्कालिक चेतावनी जारी की है, जिसमें अगले दो घंटे के भीतर दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। यह मौसम प्रणाली हरियाणा के कई हिस्सों जैसे फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, सोनीपत, जिंद, भिवानी, झज्जर, बरवाला, आदमपुर, गोहाना, गन्नौर, हांसी और आसपास के जिलों—सिवनाई, मेहमाम, तोशाम, खरखोदा, चरखी दादरी, मटानहैल, लोहारू, फरुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, रेवाड़ी, पलवल, नारनौल, बावल, नूह, औरंगाबाद और होडल—पर भी असर डाल सकती है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बारौत, बागपत और खेकरा व पूर्वी राजस्थान के भादरा, पिलानी और खैरथल क्षेत्रों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की भी आंशका है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यूपी में कल से बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन कल से यूपी में भी बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। 12 से 14 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान मथुरा, आगरा, सहारनपुर, नोएडा से लेकर कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत की जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। साथ ही आंधी-तूफान चलने की भी आशंका जताई गई है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा में आज मौसम बिगड़ा रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। साथ ही 30 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने तेज हवाएं भी चल सकती है। हरियाणा में भी धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट है। वहीं पंजाब में आज पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना और जालंधर समेत आसपास के इलाकों में मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती है।
बिहार में मौसम की मार
बिहार में मौसम का कहर लगातार जारी है। यहां पिछले कई दिनों से बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। आज प्रदेश में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, चंपारण, जहानाबाद और पूर्णिया समेत उत्तरी और दक्षिणी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ जगहों पर ठनका गिरने का भी अलर्ट है। ऐसे में लोगों से खुले में काम न करने की सलाह दी गई है। खासतौर से किसानों को खेतों में न जाने को कहा गया है।
झारखंड-ओडिशा में भी अलर्ट जारी
बिहार के साथ ही झारखंड और ओडिशा में भी आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को झारखंड के रांची, जमशेदपुर, पलामू समेत कई जिलों में तेज आंधी चलने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। वहीं ओडिशा के भी अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने और बारिश होने की प्रबल संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पहाड़ी राज्यों के मौसम पर अधिक देखने को मिलेगा। जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दक्षिण भारत से पूर्वोत्तर तक भारी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई है। जिसके प्रभाव से केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में 16 मई तक मूसलाधार बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मेघालय में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले 3-4 दिनों तक झमाझम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं संग हल्की बारिश होने के आसार है। वहीं कोंकण और गोवा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान और गुजरात में लू का असर
देश में कुछ हिस्से ऐसे भी हैं, जहां तेज गर्मी और लू लोगों को सता रही है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान और गुजरात में आज भीषण गर्मी की मार लोग झेलेंगे। कुछ इलाकों में लू चलने की भी संभावना है। गुजरात के तटीय इलाकों में लू का अलर्ट है। वहीं राजस्थान में धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
