शहर

मौसम विभाग ने दी एक और खुशखबरी, इस साल जमकर और झूमकर बरसेंगे बदरा; लेकिन नॉर्थ-ईस्ट के लिए चिंता

इस बार मानसून तय समय से 8 दिन पहले ही केरल तट पर पहुंच गया था। यही नहीं मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए मुंबई तक भी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अब एक और खुशखबरी दी है कि इस साल मानसूनी बादल झूमकर बरसेंगे और पूरे देश को सराबोर करेंगे।

Image

IMD का इस बार सामान्य से ज्यादा मानसूनी बारिश का अनुमान

Photo : PTI

उत्तर भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत के साथ ही सेंट्रल इंडिया में भी इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ने लगी है। हालांकि, इस साल पिछले कुछ वर्षों की तरह गर्मी नहीं पड़ी है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अच्छी खबर यह मिली कि मानसून तय समय से 8 दिन पहले ही केरल तट पर पहुंच गया। अब मौसम विभाग ने एक और खुशखबरी दे दी है। चलिए जानते हैं IMD ने जून महीने के साथ ही इस साल के लिए मौसम की क्या भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग के अनुसार केरल तट पर तय समय से 8 दिन पहले ही पहुंचने के बाद अब दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। IMD के कहना है कि अगले चार महीने देशभर में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जाएगी।

इस साल 106 फीसद बारिश का अनुमान

IMD ने कहा है कि इस साल लॉन्ग पीरियड एवरेड (LPA) का 106 फीसद बारिश होगी। बताया गया कि इतनी बारिश सामान्य से ज्यादा की श्रेणी में आती है।

मौसम विभाग ने इस साल जून से सितंबर के पीरियड में मानसून से जुड़ी अपनी भविष्यवाणी में मामूली बदलाव किया है। मौसम विभाग ने पूर्व में भविष्यवाणी की थी कि इस साल लॉन्ग पीरियग एवरेज के मुकाबले 105 फीसद बारिश होगी, जबकि अब इस भविष्यवाणी को बदलकर 106 फीसद कर दिया है। IMD के अनुसार उसकी इस भविष्यवाणी में 4 फीसद प्लस या माइनस की गुंजाइश है।

जून में झूमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग का कहना है कि जून के महीने में बादल झूमकर बरसेंगे। IMD के अनुसार जून में देश में सामान्य से ज्यादा बारिश देखने को मिलेगी, जो लॉन्ग पीरियड एवरेज का 108 फीसद होगा। हालांकि, देश के अलग-अलग हिस्सों में कितनी बारिश के आंकड़ों में जरूर कुछ अंतर देखने को मिल सकता है।

IMD के डीजी डॉ. एम मोहापात्रा ने बताया कि जून में सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान है, इसलिए यह भी अनुमान है कि इस महीने हीट वेव के दिन सामान्य से कम रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमें जून में ज्यादा हीटवेव के दिनों की आशंका नहीं है।

यहां सामान्य से कम बारिश की आशंका

दक्षिणी राज्यों और सेंट्रल इंडिया में सामान्य से ज्यादा बारिश की उम्मीद है। इन राज्यों में मानसून सबसे ज्यादा समय के लिए भी एक्टिव रहता है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी राज्यों में इस साल सामान्य बारिश की संभावना है। जबकि उत्तर-पूर्वी राज्यों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है।

सामान्य से 8 दिन पहले केरल तट पर आने के बाद मानसून बड़ी तेजी से दक्षिणी राज्यों में फैल रहा है। मानसून मुंबई तक भी पहुंच गया है, जो सामान्य से दो हफ्ते पहले है। अब मानसून के जल्द ही तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में छा जाने की उम्मीद की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article