देश

सैनिक हमारे परिवार का हिस्सा हैं...अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में बीएसएफ जवानों के साथ मनाई दिवाली

ANI से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के साथ त्योहार मनाने से ऐसा महसूस होता है कि हम सब एक ही बड़े परिवार का हिस्सा हैं।

Image

अर्जुन राम मेघवाल

Photo : ANI

Arjun Ram Meghwal-केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दीपावली के पावन अवसर पर राजस्थान के बीकानेर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के साथ दीपोत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने घर से दूर देश की सरहदों पर तैनात जवानों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। ANI से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के साथ त्योहार मनाने से ऐसा महसूस होता है कि हम सब एक ही बड़े परिवार का हिस्सा हैं।

हमारे सैनिक हमारे परिवार की तरह

उन्होंने कहा, हमारे सैनिकों के साथ दिवाली मनाना बेहद सुखद है, जो हमारे परिवार की तरह हैं। चूंकि वे अपने प्रियजनों से दूर हैं, इसलिए एक-साथ मिलकर त्योहार मनाने से यह एक बड़े परिवार जैसा अहसास कराता है। मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। केंद्रीय मंत्री ने जवानों के साथ मिठाइयां और खुशियां बांटीं तथा त्योहारी सीजन के दौरान भी सीमाओं पर मुस्तैद रहकर देश की रक्षा करने वाले जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और सेवा भाव की सराहना की।

राजनाथ सिंह ने बागडोगरा एयरफोर्स स्टेशन पर मनाई दिवाली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली की पूर्व संध्या पर पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरफोर्स स्टेशन (Bagdogra Air Force Station) का दौरा किया और वहां वायु सेना के जवानों के साथ बातचीत की। उन्होंने देश के आसमान की सुरक्षा में भारतीय वायु सेना की चौकसी, परिचालन क्षमताओं और तत्परता की जमकर तारीफ की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि भारतीय वायु सेना देश की सुरक्षा में अटूट सतर्कता और कौशल का एक मजबूत स्तंभ है।

पीएम मोदी भी सैनिकों के साथ मनाएंगे दिवाली

वहीं, दीपावली की पूर्व संध्या पर एक वीडियो मैसेज के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।एक वीडियो शेयर करते हुए, प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर लिखा कि आपको दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रोशनी का यह पर्व पूरे देश को जगमगा देता है और अंधकार पर विजय पाने के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व और आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए। पीएम मोदी ने बताया कि वे दिवाली बहुत उत्साह के साथ मनाते हैं और पिछले वर्षों की तरह, देश के बहादुर सैनिकों के साथ यह पर्व मनाने की परंपरा को जारी रखेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article