शहर

Chamba Road Accident: बच्चे का इलाज कराने जा रहा परिवार हादसे का शिकार, खाई में कार गिरने से 1 साल के मासूम समेत 5 की जान गई

Chamba Himachal Pradesh Accident News: चंबा में पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर लाहाड़ गांव के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। एक कार गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में 1 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।

Image

पठानकोट-भरमौर हाईवे पर खाई में गिरी कार

Photo : Times Now Digital

Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात लाहाड़ गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बीमार मासूम को इलाज के लिए ले जा रहा था परिवार

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चंबा जिले के गेहरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार के सदस्य एक साल के बीमार मासूम बच्चे को उपचार के लिए पठानकोट स्थित अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में लाहाड़ गांव के पास कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा समाई। मृतकों में एक वर्ष का वह मासूम बच्चा भी शामिल है, जिसकी जान बचाने के लिए परिजन देर रात यह सफर तय कर रहे थे। एक ही परिवार के पांच चिराग बुझने से गेहरा गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची चंबा पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या सड़क के अंधे मोड़ की वजह से हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंबा में मौसम भी खराब

बता दें कि आजकल हिमाचल का मौसम भी बहुत खराब है। बीती शाम से जमकर बारिश हो रही है चंबा में सोमवार रात भारी बारिश होने से सरोल मोहल्ले में फ्लैश फ्लड आ गया। आधी रात में लोग अपनी जान बचाने को घरों से बाहर भागे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बारिश के बाद मलबा लोगों के घरों में घुस गया। इससे कई घरों को नुकसान हुआ है। एक मकान की पूरी मंजिल तक मलबे में दब गई। सरोह मोहल्ले में 10 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज सिरमौर और बिलासपुर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि शिमला, मंडी और सोलन जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article