शहर

Himachal News: मानसून की दस्तक के साथ ही शिमला में लैंडस्लाइड, मंडी नेशनल हाईवे बंद

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही राजधानी शिमला में भारी बारिश से शिमला-मंडी नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया है। सड़क पर मलबा गिरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है।

Image

हिमाचल पहुंचा मानसून, पहली बारिश में लैंडस्लाइड

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम ने अपना असर दिखाना भी शुरू कर दिया है। राजधानी शिमला में हुई तेज बारिश के बाद शिमला-मंडी नेशनल हाईवे पर चक्कर बाईफरकेशन के पास पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। सड़क पर मलबा आने से हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग से गाड़ियों की आवाजाही शुरू करवा दी है। इधर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें मौके पर भेज दी हैं।

लैंडस्लाइ की चपेट में आया टेम्पो

बारिश के कारण अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में एक टेम्पो भी आ गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है। सड़क बंद होने के कारण कई यात्रियों को पैदल ही अपने गंतव्य की तरफ जाना पड़ा।

मंडी-कांगड़ा जाने वालों के लिए रूट डायवर्ट

ट्रैफिक की आवाजाही रुकने के बाद मंडी और कांगड़ा की ओर जाने वाले वाहनों को बालूगंज मार्ग से डायवर्ट किया गया है। वहीं चक्कर कोर्ट की ओर जाने वाला रास्ता भी काफी देर तक प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया।

पहली ही बारिश से हिमाचल में भूस्खलन शुरू

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को Monsoon ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दी है और पहले ही दिन कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आने लगी हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं।

दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। प्रशासन भी भूस्खलन के लिए संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!