शहर

चंबा में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी; 6 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

हिमाचल प्रदेश के चंबा में आज एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है। चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ककीरा के पास पर्यटकों से भरी एक गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है।

Image

गुजरात के थे सारे पर्यटक

Photo : Times Now Digital

हिमाचल के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। सोमवार तड़के चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ककीरा घार के पास एक इनोवा क्रिस्टा कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 6 पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

तड़के 3 बजे हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जो धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी पर्यटक गुजरात के रहने वाले थे। जिस समय हादसा हुआ, क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़क पर काफी फिसलन थी। माना जा रहा है कि खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।

बचाव कार्य में जुटी टीमें

दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी जिले के नंबर की बताई जा रही है। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। अंधेरे और बारिश के बीच पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खाई से सभी छह शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

प्रशासन की अपील

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में मौसम खराब चल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने के कारण भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान का दौर शुरू हो गया है। आज मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। कल और परसों के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट है। प्रशासन ने खराब मौसम और बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Poonam Sharma
पूनम शर्मा author

पूनम शर्मा ने एचपीयू से मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री की है, करीब 2 साल से टाइम्स नेटवर्क के लिए हिमाचल ब्यूरो के रूप में काम कर रही हैं, 2008 में इंडिया टीवी से विशेष संवाददाता के रूप में अपना करियर शुरू किया था, पूनम को राजनीति, खेल, व्यवसाय और सिनेमा की ताज़ा ख़बरें कवर करना पसंद है।

और पढ़ें
End of Article