Hathras Stampede Updated News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 2 जुलाई को बड़ा हादसा पेश आया यहां पर 'भोले बाबा' उर्फ ' नारायण साकार हरि' (narayan sakar hari) के सत्संग में अचानक से भगदड़ (hathras bhole baba satsang stampede) मचने से कम से कम 116 लोगों की मौत होने की खबर है वहीं कई लोग घायल हैं।
सीएम योगी ने हाथरस में हुए हादसे पर जताया दुख, गहन जांच के निर्देश दिए, सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं, बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी खुद सभी घटनाक्रम पर सीधी नजर रखे हुए हैं।
दो मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को मुख्यमंत्री ने मौके पर भेजा
सीएम योगी ने दो मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को मुख्यमंत्री ने मौके पर भेजा है वहीं एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के भी निर्देश, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की है।
इस घटना को लेकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में सरकार
इस घटना को लेकर सरकार बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है, बताते हैं कि कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर होगी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में हुए हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
हाथरस हादसे पर मंत्री लक्ष्मी नारायण का बयान
वहीं हाथरस हादसे पर मंत्री लक्ष्मी नारायण का बयान सामने आया है कहा- पीड़ित परिवारों के साथ राज्य सरकार खड़ी है,पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है वहीं घायलों का समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है साथ ही घटना को लेकर जांच की जा रही है और जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई होगी।
प्रदेश सरकार के मंत्रियों व अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश
सीएम योगी ने लिखा, 'जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'
स्थानीय पुलिस प्रशासन की लापरवाही की भी होगी जांच
जिले की LIU ने भीड़ को लेकर अपनी रिपोर्ट मे क्या लिखा ये अहम सवाल है। अगर एलआईयू ने ज्यादा लोगों के पहुंचने की जानकारी दी थी तो स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने क्या कदम उठाए दूसरा अहम सवाल। किसी भी आयोजन को लेकर LIU की रिपोर्ट मांगी जाती है LIU की रिपोर्ट पर पुलिस पर एक्शन हो सकता है। कार्यक्रम की परमिशन देने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी।
प्रशासन की परमिशन से ज्यादा भक्त सत्संग कार्यक्रम में पहुंचे
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को नारायण साकार विश्व हरि के नाम से प्रसिद्ध भोले बाबा के कार्यक्रम में लाखों की संख्या में भक्तों की भीड़ जुटी। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की परमिशन से ज्यादा भक्त सत्संग कार्यक्रम में पहुंचे। भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए एटा भेजा गया। घटना सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गांव फुलराई के पास की है।
कौन हैं भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि
नारायण साकार हरि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले बहादुर नगरी गांव के रहने वाले हैं और उनकी शुरुआत पढ़ाई लिखाई यहीं हुई बाद में पढ़ाई पूरी करके वो इंटेलीजेंस विभाग में नौकरी करने लगे फिर कुछ सालों बाद वीआरएस लेकर वो अध्यात्म की तरफ मुड़ गए।भोले बाबा के दावे के मुताबिक वीआरएस लेने के बाद भगवान से साक्षात्कार हुआ इसके बाद इन्होंने अपना जीवन मानव कल्याण में लगाने का फैसला कर लिया वो भक्तों फरियाद पर अलग-अलग स्थानों पर घूमकर सत्संग करते हैं।
कुछ एक आईएएस और आईपीएस भी उनके शिष्य
नारायण साकार का कहना है कि कि उनके समागम में जो भी दान, दक्षिणा, चढावा वगैरह आता है, उसे अपने पास नहीं रखते बल्कि भक्तों में खर्च कर देते हैं। भोले बाबा का दावा है कि उनके भक्तों और अनुयायियों की संख्या हजारों में है जो उनके हर समागम में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, बाबा कहते हैं कि वो अनुयायियों को हमेशा मानवता के कल्याण की बात सिखाते हैं वहीं बताते हैं कि कुछ एक आईएएस और आईपीएस भी उनके शिष्य हैं।
