शहर

हिसार कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े गैंगवार; वांटेड गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या

हरियाणा के हिसार कोर्ट परिसर के बाहर बदमाशों ने पेशी पर आए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना पर ताबड़तोड़ 12 राउंड फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। हमलावर वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए।

Image

गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की फाइल फोटो

हरियाणा के हिसार में सोमवार को दिनदहाड़े गैंगवार की एक दुस्साहसिक वारदात से हड़कंप मच गया। हिसार अदालत परिसर में पेशी के लिए लाए गए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ 'काना' की कोर्ट के मुख्य गेट के ठीक सामने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। बाइक पर आए अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

12 राउंड फायरिंग से कोर्ट परिसर में मची भगदड़

अदालत के मुख्य द्वार के सामने दोपहर में हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से वकीलों, याचिकाकर्ताओं और आम जनता के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस कोर्ट परिसर और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

31 मुकदमों में नामजद था गैंगस्टर 'काना'

मृतक विनोद पानू उर्फ काना हिसार इलाके का कुख्यात गैंगस्टर था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विनोद काना पर हत्या, रंगदारी और जानलेवा हमले जैसे करीब 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। काना पर हिसार से विधायक और पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के पीए (PA) के भतीजे की निर्मम हत्या का भी मुख्य आरोप था।

पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कड़ी सुरक्षा वाले कोर्ट के मुख्य गेट के बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे और उन्होंने काना को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश और गैंगवार के कोण से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article