शहर

सात जन्म का साथ... हल्द्वानी की हर्षिका ने भगवान कृष्ण से रचाई शादी; पिता बोले- कान्हा हैं हमारे दामाद

Uttarakhand: उत्तराखंड के हल्द्वानी में 21 वर्षीय एक युवती ने गुरुवार को एक समारोह में भगवान कृष्ण की मूर्ति के साथ विवाह रचाया। हर्षिका के पिता पूरन चंद्र पंत ने कहा कि बेटी की भगवान कृष्ण से शादी करवा दी है और अब भगवान कृष्ण उनके दामाद हैं। बता दें कि पांचवीं कक्षा तक पढ़ी हर्षिका दिव्यांग है ।

Image

हर्षिका ने कान्हा से की शादी

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • भगवान कृष्ण के साथ कार से विदा हुई हर्षिका।
  • शादी में महादान, शय्यादान भी किया गया।
  • शादी से पहले मेहंदी और हल्दी का कार्यक्रम भी हुआ।

Uttarakhand: उत्तराखंड के हल्द्वानी में 21 वर्षीय एक युवती ने गुरुवार को एक समारोह में भगवान कृष्ण की मूर्ति के साथ विवाह रचाया। इस विवाह की चारों ओर चर्चा हो रही है। भगवान कृष्ण को वर के तौर पर पाने के लिए पिछले 15 सालों से करवा चौथ का व्रत कर रही हर्षिका पंत की सुबह साढ़े दस बजे गाजे बाजे के साथ बारात आई। कुमाऊंनी रीति रिवाज के अनुसार, भगवान कृष्ण का दरवाजे पर स्वागत किया गया, फिर वरमाला हुई और सात फेरे हुए।

कान्हा की मूर्ति के साथ हुई विदाई

यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल अतिथियों के लिए खानपान से लेकर अन्य व्यवस्थाएं भी की गयी थीं। विदाई होने के बाद युवती हर्षिका कान्हा की मूर्ति को लेकर कार से रिश्तेदार के यहां पहुंची। विवाह समारोह में पहुंचे लोगों ने दावत खाई और शगुन का टीका लगाकर हर्षिका को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

रस्मों के दौरान हर्षिका ने वृंदावन से लाई गई श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ सात जन्मों तक साथ रहने की कसमें खाईं और अपनी मांग में कान्हा के नाम का सिंदूर भरा। 11 जुलाई को धूमधाम से हुई शादी से पहले बुधवार को घर में मेहंदी और हल्दी का कार्यक्रम भी हुआ जिसमें सभी रिश्तेदार और आसपास के लोग शामिल हुए।

'हमारे दामाद हैं भगवान कृष्ण'

हर्षिका के पिता पूरन चंद्र पंत ने कहा कि बेटी की भगवान कृष्ण से शादी करवा दी है और अब भगवान कृष्ण उनके दामाद हैं। उन्होंने कहा कि आज से उनके घर में भगवान कृष्ण विराजमान रहेंगे। हर्षिका के पिता ने बताया की शादी पंडित मनोज जोशी व चन्द्रशेखर तिवारी द्वारा वैदिक, सनातन रीति-रिवाज के साथ विधि-विधान से कराई गई। उन्होंने बताया कि शादी भगवान श्री कृष्ण का गोत्र वृक्षणी तथा कन्या का गोत्र भारद्वाज गोत्राचारण कर संक्षिप्त विधि से की गई। इस दौरान कन्यादान माता-पिता द्वारा किया गया। शादी में महादान, शय्यादान भी किया गया।

कौन हैं हर्षिका?

विवाह समारोह में शामिल हुए भूपेश कनौजिया ने बताया कि शादी बहुत ही भव्य रूप से हुई। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी ऐसा नहीं लग रहा था की दूल्हा नजर न आये, भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति एकदम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि वृन्दावन से लाई गई दूल्हे श्रीकृष्ण की मूर्ति अत्यधिक सुन्दर थी। पांचवीं कक्षा तक पढ़ी हर्षिका दिव्यांग है और उसके शरीर का निचला हिस्सा काम नहीं करता। उसे अपने दैनिक कार्यों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है।

(इनपुट: भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article