शहर

हरीश रावत ने चुनावी राजनीति से संन्यास का किया ऐलान, बोले- नहीं लडूंगा अगला विधानसभा चुनाव

Uttarakhand Assembly Elections: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने चुनावी राजनीति से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि उनके समर्थक भी नहीं चाहते हैं कि वह अब चुनावी मैदान में उतरें।

Image

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो साभार: @harishrawatcmuk)

Photo : Twitter

Uttarakhand Assembly Elections: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने अपने विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि उनके समर्थक भी नहीं चाहते हैं कि वह अब चुनावी मैदान में उतरें, लेकिन इसके अलावा पार्टी जो भूमिका देगी, उसे वह पूरी शिद्दत से निभाएंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर कहा कि उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत की स्थिति में पद को लेकर आलाकमान जो भी फैसला करेगा, उसे प्रदेश कांग्रेस हमेशा की तरह स्वीकार करेगी। उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

'इस बार बदलाव करने जा रहा उत्तराखंड'

पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने गुरुवार को 'पीटीआई-भाषा' के साथ बातचीत में कहा कि उत्तराखंड इस बार बदलाव करने जा रहा है और कांग्रेस की जीत होगी। अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर रावत ने कहा कि वह 2022 में भी चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उन्हें चुनाव लड़ना पड़ा। उन्होंने कहा, ''लेकिन अब आगे नहीं। मेरे सहयोगी भी नहीं चाहते कि मैं चुनाव लड़ूं।''

क्या CM चेहरा होंगे हरीश रावत?

मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर चुनाव लड़ने के सवाल पर रावत ने कहा कि राज्य में ''पंचमुखी नेतृत्व'' है और इसे तय करना पार्टी का काम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी को भी इस संबंध में निर्णय लेना है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में खुद के शामिल होने के सवाल पर रावत ने कहा कि पार्टी आलाकमान के फैसले को उत्तराखंड कांग्रेस ने हमेशा माना है, इसके इतर कभी कुछ नहीं सोचा है और उसे सोचना भी नहीं चाहिए। उनका कहना था, ''कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और आगामी चुनाव में पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को बदलाव का अवसर मिल रहा है और यह बदलाव पूरे देश में भी दिखाई दे रहा है।''

संगठन में सब कुछ ठीक नहीं होने संबंधी सवाल पर रावत ने कहा कि परिवार में हर व्यक्ति की अपनी भूमिका होती है और जब चुनौतियां आती हैं तो सभी एकजुट होकर उनका सामना करते हैं। पार्टी में अपनी उपेक्षा किए जाने की बात से इनकार करते हुए रावत ने कहा, ''मैं 78 साल का हूं। पार्टी के लिए पहले भी उपलब्ध रहा हूं और आगे भी रहूंगा।'' उन्होंने कहा, ''मैं नाराज नहीं हूं...मैं 58 साल से कांग्रेस में हूं। जिस लकीर पर रहे हैं, उसी पर ही रहेंगे। हां, उम्र के साथ भूमिकाएं बदलती रही हैं।''

यह पूछे जाने पर कि आगे उनकी इस चुनाव में क्या भूमिका होगी, रावत ने कहा कि यह पार्टी तय करेगी और उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह उसके लिए तैयार हैं।

कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य ने 'वंदे मातरम्' से जुड़े विवाद पर कहा कि 1937 में महान स्वतंत्रता सेनानियों को मौजूदगी वाली कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ने जो फैसला किया, उसे आज की सीडब्ल्यूसी नहीं बदल सकती।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और देश की आजादी की लड़ाई से भाजपा का कोई तारतम्य नहीं है, जबकि कांग्रेस का है तथा उसके हर कार्यक्रम में 'वंदे मातरम्' गाया जाता है। राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी पर रावत ने कहा कि यह चंदे और चढ़ावे की लूट है और कांग्रेस इस मामले को घर-घर तक ले जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article