शहर

Haridwar Crime: दो बहनों का इकलौता भाई छीन ले गई उफनती नदी, हरिद्वार में स्कूल से घर लौट रहे मासूम की मौत

Haridwar Crime: हरिद्वार के रसूलपुर गांव में स्कूल से लौट रहा 14 वर्षीय छात्र आर्यन भट्ट रवासन नदी के तेज बहाव में बह गया। गुरुवार दोपहर हुई इस घटना के बाद शुक्रवार को जल पुलिस और ग्रामीणों ने छात्र का शव बरामद किया।

Image

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा

Photo : iStock

Haridwar Crime: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहा 14 वर्षीय मासूम छात्र रवासन नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। गुरुवार को हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। शुक्रवार को पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान छात्र का शव नलोवाला कक्ष के पास नदी से बरामद किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर गांव का रहने वाला आर्यन भट्ट (14) पुत्र मंगलेश भट्ट गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने सहपाठी के साथ घर के लिए निकला था। काली मंदिर के रास्ते दोनों रवासन नदी के किनारे पहुंचे। सहपाठी आर्यन को नदी तट पर छोड़कर वापस चला गया, जिसके बाद आर्यन अकेले ही नदी पार करने लगा। जैसे ही वह नदी के बीच मझधार में पहुंचा, पानी के अचानक बढ़े तेज बहाव ने उसे संभाल का मौका नहीं दिया और वह बह गया।

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

देर शाम तक जब आर्यन घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ी और उन्होंने संभावित जगहों पर उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर नदी में बहने की आशंका जताई गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह एसओ नितेश शर्मा की अगुवाई में जल पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें आर्यन का बेजान शरीर बरामद हुआ। पिता मंगलेश भट्ट वन विभाग में दिहाड़ी मजदूर हैं। आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

गांव में पसरा मातम

इस हादसे ने इलाके के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रवासन नदी पर मीठीबेरी गांव के पास करीब 300 मीटर लंबा पुल बना हुआ है, लेकिन रसूलपुर के लोग दूरी ज्यादा होने के कारण पुल की बजाय सीधे उफनती नदी पार करने को मजबूर हैं। इसी शॉर्टकट के चक्कर में ग्रामीणों को हर दिन जान जोखिम में डालनी पड़ती है, जिसका खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article