MP Crime: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जावरा-उज्जैन टू-लेन हाईवे पर चापाखेड़ा फंटे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर खड़े टैंकर के नीचे आकर एक युवक ने अपनी जान दे दी। इस पूरी खौफनाक वारदात का एक लाइव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए।
घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रोड पर एक बड़ा टैंकर खड़ा था। तभी एक युवक चुपचाप आता है और बिना किसी झिझक के खड़े टैंकर के पिछले पहियों के बीच में जाकर लेट जाता है। इसके ठीक 6 सेकेंड बाद जैसे ही टैंकर चालक गाड़ी को आगे बढ़ाता है, युवक भारी-भरकम पहियों के नीचे कुचला जाता है। हादसे में युवक की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि वायरल वीडियो इतना खौफनाक है कि हम उसको आपको दिखा नहीं सकते।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'गोली चलाओगे तो...', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हरियाणा DGP का बड़ा खुलासा, बोले- मुंबई पुलिस को सौंपे अहम सबूत
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर बड़ावदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान गुर्जर बरड़िया गांव के रहने वाले मांगीलाल प्रजापत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छा गया है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आखिर मांगीलाल ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। क्या वह किसी मानसिक तनाव में था या इसके पीछे कोई पारिवारिक या आर्थिक वजह थी, पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
