SpaceX-Tesla Merger: एलन मस्क अब अपनी दो कंपनियों को मिलाकर कुछ बड़ा करने की तैयारी कर रहे हैं। मस्क अपनी SpaceX और Tesla मर्जर की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
दोनों ही कंपनियां 1 ट्रिलियन डॉलर क्लब में शामिल हैं। जब दोनों साथ मिल जाएंगी, तो दोनों का मार्केट कैप करीब 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
दोनों कंपनियों ने संभावित मर्जर पर चर्चा करने के लिए अलग-अलग स्पेशल कमेटियों का गठन किया है। SpaceX के CEO एलन मस्क ने कहा है कि उन्हें दोनों कंपनियों का एक होना अच्छा विचार लगता है, लेकिन अभी किसी सौदे पर सहमति नहीं बनी है।
मर्जर पर क्या बोले एलन मस्क?
मस्क के मुताबिक, दोनों कंपनियों की स्पेशल कमेटियों में स्वतंत्र डायरेक्टर्स शामिल हैं। इनका गठन शेयरधारकों के अनुरोध पर किया गया है। मस्क ने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों कंपनियों के प्रमुख होने के कारण उनके हितों में टकराव हो सकता है, इसलिए वह कमेटियों की चर्चा में सीधे भाग नहीं ले सकते।
उन्होंने कहा कि SpaceX और Tesla को एक साथ लाने के पीछे कई संभावनाएं हैं। दोनों कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), चिप डिजाइन, रोबोटिक्स और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में काम कर रही हैं। इनके संसाधनों और तकनीक का साझा इस्तेमाल भविष्य में फायदेमंद हो सकता है।
SpaceX की कमाई में AI का बड़ा योगदान
SpaceX के ताजा तिमाही नतीजों ने कंपनी के बदलते बिजनेस मॉडल की झलक दिखाई है। 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 161% बढ़कर 14.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया। कंपनी ने 4.4 अरब डॉलर का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में उसे 1.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
इस दौरान कंपनी के AI कारोबार से करीब 7.56 अरब डॉलर का रेवेन्यू आया। यह कमाई मुख्य रूप से AI कंपनियों और डेवलपर्स को डेटा सेंटर की कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर देने से हुई। दूसरी ओर, SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink के सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 1.36 करोड़ तक पहुंच गई। हालांकि, AI कारोबार रेवेन्यू के लिहाज से आगे रहा, लेकिन स्टारलिंक कंपनी के लिए सबसे बड़ा प्रॉफिट जनरेटर बना हुआ है।
2027 तक 500 अरब डॉलर से 1 ट्रिलियन डॉलर ARR का लक्ष्य
मस्क ने कंपनी की भविष्य की कमाई को लेकर भी बड़ा अनुमान पेश किया है। उनका कहना है कि SpaceX का एनुअल रिकरिंग रेवेन्यू (ARR) 2027 के अंत तक 500 अरब डॉलर से 1 ट्रिलियन डॉलर के बीच पहुंच सकता है।
AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर कंपनी का खर्च भी तेजी से बढ़ रहा है। सितंबर तिमाही में SpaceX ने 19.6 अरब डॉलर का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया। CFO के मुताबिक, दिसंबर तिमाही में यह खर्च बढ़कर 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
चिप निर्माण से लेकर नए लॉन्च स्टेशन तक बड़ा दांव
SpaceX और Tesla की साझा टेक्नोलॉजी महत्वाकांक्षा में Terafab चिप प्रोजेक्ट भी शामिल है। मस्क के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के लिए पहला टेस्ट चिप मई या जून 2027 के आसपास काम करने की स्थिति में लाने का लक्ष्य है। Gibbons Creek स्थित Terafab में वॉल्यूम प्रोडक्शन शुरू करने की कंपनी की महत्वाकांक्षी योजना 2028 की तीसरी तिमाही के आसपास की है। मस्क ने इसे एक लक्ष्य बताया है, जिसकी समयसीमा में बदलाव संभव है।
