स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ICC महिला U19 T20 विश्व कप 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नेपाल और बांग्लादेश की मेजबानी में खेले जाने वाले इस मेगा इवेंट की शुरुआत 21 जनवरी से होगी। पहले दिन चार मुकाबले खेले जाएंगे। 16 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। इस टूर्नामेंट का यह तीसरा संस्करण है। पहली बार 2023 में आयोजित हुआ था। इसमें चार-चार टीमों के चार ग्रुप होंगे और दोनों देशों के चार वेन्यू पर कुल 41 मैच खेले जाएंगे।
बांग्लादेश का चटगांव और सिलहट मैच की मेजबानी करेंगे। वहीं, नेपाल के काठमांडू में भी मैच खेले जाएंगे। चटगांव के बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम, सिलहट में सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर मैच होंगे। वहीं, काठमांडू के TU इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तथा अपर मुलपानी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड को मैचों की मेजबानी का मौका मिला है।
चार ग्रुप इस प्रकार हैं:-
ग्रुप A: भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल
ग्रुप B: दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, समोआ
ग्रुप C: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
ग्रुप D: इंग्लैंड, श्रीलंका, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), स्कॉटलैंड
22 जनवरी को भारत का पहला मुकाबला
टूर्नामेंट के पहले दिन चार मैचों में आठ टीमें मैदान पर उतरेंगी, जिसमें सह-मेजबान बांग्लादेश का मुकाबला UAE से होगा। वहीं, नेपाल अपने अभियान की शुरुआत अगले दिन आयरलैंड के खिलाफ करेगा। दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन भारत अपना पहला मैच 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। मजेदार बात यह कि भारत और पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज पर मुकाबला नहीं होगा। अगर दोनों टीमें अगले राउंड के लिए क्वालिफाई करती हैं तो शायद दोनों टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।
6 फरवरी को चटगांव में होगा फाइनल
ग्रुप स्टेज के मुकाबले 26 जनवरी तक चलेंगे। इसके बाद क्वालीफाई करने वाली टीमें 'सुपर सिक्स' चरण में पहुंचेंगी, जिन्हें दो समूहों में बांटा जाएगा। फिर, प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 4 फरवरी को 'बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम' में खेले जाएंगे, जिसके लिए 5 फरवरी को एक रिजर्व डे भी रखा गया है। फाइनल मैच 6 फरवरी को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा और 7 फरवरी को इसके लिए रिजर्व डे तय किया गया है।
