शहर

Baljeet Singh Death: बंद कमरे से आ रही थी बदबू, दरवाजा खुलते ही बेड पर मिली लाश... लुधियाना में पंजाबी सिंगर बलजीत सिंह की संदिग्ध मौत

Baljeet Singh Death: लुधियाना के सुधार गांव में 35 वर्षीय पंजाबी गायक और गीतकार बलजीत सिंह का शव उनके बंद घर से संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। 4-5 दिन पुराना शव सड़ने के कारण इलाके में तेज बदबू फैल गई थी।

Image

गायक बलजीत सिंह की रहस्यमयी मौत

Photo : Times Now Digital

Baljeet Singh Death: पंजाब के लुधियाना जिले से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जगराओं के पास स्थित सुधार पत्ती धालीवाल गांव में मशहूर पंजाबी गायक और गीतकार बलजीत सिंह (Punjabi Singer Baljeet Singh Death) का शव उनके ही घर में संदिग्ध हालत में पाया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल है। घटना का खुलासा तब हुआ जब आसपास के पड़ोसियों को बलजीत सिंह के घर से बहुत तेज और असहनीय बदबू आने लगी।

शुरुआत में लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बदबू ज्यादा बढ़ने लगी तो अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था। 35 वर्षीय बलजीत सिंह का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि ऐसा लग रहा था जैसे मौत 4 से 5 दिन पहले ही हो चुकी हो। इतना ही नहीं, शव के ठीक पास फर्श पर सूखा हुआ खून भी देखा गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

खून मिलने से मामला पूरी तरह से संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बलजीत सिंह अविवाहित थे और अकेले ही घर में रहते थे। वह न सिर्फ बेहतरीन पंजाबी गाने गाते थे, बल्कि खुद ही उनके बोल भी लिखते थे। स्थानीय टूर्नामेंट्स और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी गायकी को काफी पसंद किया जाता था। उनकी अचानक इस तरह हुई मौत से उनके प्रशंसक और गांव वाले स्तब्ध हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलेगा मौत का राज-पुलिस

घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम, डॉग स्क्वाड और सीआईए (CIA) की विशेष टीमों को बुलाया गया है। साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि पिछले कुछ दिनों में घर में कौन-कौन आया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article