लखनऊ के चर्चित शिव शर्मा मौत मामले में श्रद्धा दुबे तो गिरफ्तार हो ही चुकी है, अब उसका आशिक और मददगार आमिर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। श्रद्धा के इसी आशिक ने उसे नेपाल सीमा तक पहुंचाया था। आमिर को पुलिस ने पहले हिरासत में लेकर पूछताछ किया, उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
श्रद्धा के सहयोगियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
मिली जानकारी के अनुसार शिव शर्मा मामले में पुलिस ने अपनी तफतीश तेज करते हुए श्रद्धा दुबे के मुख्य मददगार और उसके बॉयफ्रेंड आमिर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से श्रद्धा को फरार कराने में शामिल अन्य सहयोगियों पर भी शिकंजा कसता जा रहा है।
लखनऊ के कैफे मालिक शिव शर्मा की कथित हत्या मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे समेत तीन लोगों को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पुलिस और उत्तर प्रदेश के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीम ने नागपुर से श्रद्धा दुबे, उसके ड्राइवर दानिश और बहन रश्मि दुबे को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इन तीनों में से प्रत्येक की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आमिर ने ही नेपाल सीमा तक श्रद्धा को पहुंचाया था
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर की रात श्रद्धा दुबे लखनऊ से गायब हुई थी, जिसमें आमिर की मुख्य भूमिका सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आमिर ही श्रद्धा को लखनऊ से नेपाल सीमा तक छोड़कर आया था, ताकि वह आसानी से पुलिस की पहुंच से दूर भाग सके।
फोन और फर्जी सिम भी दिया था
इसके अलावा, पुलिस को यह भी पता चला है कि आमिर ने श्रद्धा को एक नया मोबाइल फोन और फर्जी आईडी पर लिया गया एक सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था, ताकि वह किसी से भी ट्रेस हुए बिना संपर्क में रह सके।
फिलहाल, लखनऊ पुलिस आमिर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी साजिश में आमिर के अलावा और कौन-कौन से मददगार शामिल थे और वारदात के पीछे की असली वजह क्या है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
शिव शर्मा केस क्या है?
यह मामला तब चर्चा में आया जब शिव शर्मा के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि नौ अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली इलाके में एक अपार्टमेंट की इमारत से नीचे फेंके जाने से पहले, उनके साथ मारपीट की गई थी और उन्हें प्रताड़ित किया गया था। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक दुर्घटना मानकर जांच शुरू की थी, लेकिन परिवार के आरोपों के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। 31 वर्षीय फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे तब से फरार थी।नौ अक्टूबर को हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा इलाके में एक अपार्टमेंट की बालकनी से शिव शर्मा (28) कथित तौर पर नीचे गिर गया था।
