शहर

वाराणसी में कल से शुरू होगा देश का सबसे बड़ा एयर शो, 100 से ज्यादा लड़ाकू विमान दिखाएंगे पराक्रम

वाराणसी के नमो घाट पर 21 अक्टूबर को वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर होने वाले एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। मुख्य कार्यक्रम 22, 24 और 25 अक्टूबर को होंगे। 25 अक्टूबर को पीएम मोदी भी शामिल होंगे।

Image

वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर वाराणसी में होगा भव्य एयर शो

Photo : ANI

Varanasi Air Show Rehearsal: भारतीय वायुसेना (IAF) के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर वाराणसी में देश के सबसे बड़े एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन से पहले बुधवार को नमो घाट पर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई है। इस दौरान राफेल लड़ाकू विमान की गर्जना से घाट का इलाका गूंज उठा। गंगा के ऊपर विमानों की उड़ान और हेलीकॉप्टर से कमांडोज के प्रदर्शन ने मुख्य आयोजन की तैयारियों की झलक दिखाई।

3 तीन चलेगा एयर शो

वायुसेना का यह भव्य एयर शो तीन दिनों यानी 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। एयर शो में वायुसेना के 100 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी ताकत, गति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 25 अक्टूबर का दिन होगा, जब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचकर वायुसेना के इस पराक्रम के साक्षी बनेंगे।

11 से 2 बजे तक फुल ड्रेस रिहर्सल

बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर गंगा की लहरों के ऊपर अपनी रफ्तार और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन कर रहे हैं। घाट पर बने मंच से विमानों की उड़ान और रणनीतिक गतिविधियों की लाइव ब्रीफिंग भी की जा रही है।

सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय जांच

एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। दर्शकों को तीन स्तर की जांच के बाद ही एंट्री दी जाएगी। एयर शो में वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए वाराणसी के सरकारी विभागों के 5,000 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के प्रशासनिक अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ड्यूटी सूची तैयार करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम भी किया जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article