शहर

अंबाला में गिरफ्तार आतंकियों का खौफनाक खुलासा, हनुमानगढ़ को दहलाने की थी साजिश, IED लेकर 5 दिन तक शहर में रहे आतंकी

अंबाला में हरियाणा STF ने जिन तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था, पूछताछ में उन्होंने हनुमानगढ़ में बम धमाकों की साजिश का खुलासा किया है। RDX न पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया और अब इनके पाकिस्तान से तार जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Image

हनुमानगढ़ में धमाके की थी साजिश

Photo : Times Now Digital

हरियाणा एसटीएफ (STF) की अंबाला में गिरफ्तार किए गए तीन आतंकियों से पूछताछ के दौरान एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने राजस्थान पुलिस की नींद उड़ा दी है। इन आतंकियों की योजना हनुमानगढ़ सहित देश के कई प्रमुख शहरों में सिलसिलेवार बम धमाके करने की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि ये आतंकी करीब 5 दिन तक हनुमानगढ़ में ही डेरा डाले हुए थे और उन्होंने शहर के अलग-अलग हिस्सों में IED के पार्सल भी रखे थे।

RDX न पहुंचने से टला बड़ा हादसा

पूछताछ में आतंकियों ने बताया कि उनका प्लान हनुमानगढ़ में बड़े धमाके करने का था, लेकिन समय पर RDX की खेप हनुमानगढ़ नहीं पहुंच पाई। RDX न मिलने के कारण उनका यह प्लान फेल हो गया। इसके बाद ये तीनों आतंकी अपने साथ मौजूद IED लेकर वापस अंबाला की ओर निकल गए, जहां बाइक पर सवार इन तीनों संदिग्धों को हरियाणा STF ने धर दबोचा। यदि RDX सही समय पर आतंकियों तक पहुंच जाता, तो हनुमानगढ़ में भारी तबाही मच सकती थी।

पाकिस्तान कनेक्शन और स्लीपर सेल की आशंका

हनुमानगढ़ के एसपी हरिशंकर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक स्पेशल टीम का गठन किया है। डीएसपी के नेतृत्व में यह टीम अंबाला रवाना हो गई है, जो वहां हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर आतंकियों से गहन पूछताछ करेगी। एसपी के अनुसार, इस पूरी साजिश के तार सीमा पार पाकिस्तान से जुड़े होने की संभावना है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हनुमानगढ़ में इन आतंकियों को स्थानीय स्तर पर किसने मदद दी और क्या शहर में कोई स्लीपर सेल सक्रिय है।

सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद

आतंकियों के हनुमानगढ़ में 5 दिन बिताने की खबर के बाद पुलिस अब उन रास्तों और होटलों की शिनाख्त कर रही है जहां ये आतंकी रुके थे। साइबर सेल की मदद से उनके मोबाइल लोकेशन और संपर्क सूत्रों को खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आतंकियों ने शहर में किन-किन जगहों की रेकी की थी।

अगले हफ्ते हनुमानगढ़ लाए जा सकते हैं आतंकी

सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिक पूछताछ पूरी होने के बाद, अगले हफ्ते तक इन तीनों आतंकवादियों को प्रोडक्शन वारंट पर हनुमानगढ़ लाया जा सकता है। यहां उन्हें उन जगहों पर ले जाया जाएगा जहाँ उन्होंने IED पार्सल रखने का दावा किया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब उनके 'हनुमानगढ़ नेटवर्क' को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article